Bihar News : सारण में खूनी रंजिश, लड़की से बातचीत के विवाद में मुजफ्फरपुर के युवक की ईंट से कुचलकर हत्या, आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

Bihar News : बिहार के सारण जिले के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत हवाई अड्डा के समीप बीती रात एक युवक की ईंट से कुचलकर निर्मम हत्या कर दी गई। जानिए क्या है पूरा मामला.......पढ़िए आगे

युवक की हत्या - फोटो : DHARMENDRA

CHAPRA  : बिहार के सारण जिला अंतर्गत नगर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। बीती रात स्थानीय थाने की पुलिस को सूचना मिली कि हवाई अड्डा के समीप एक युवक का खून से लथपथ शव लावारिस हालत में पड़ा हुआ है। इस सनसनीखेज खबर से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही नगर थाने की पुलिस ने बिना किसी देरी के त्वरित कार्रवाई की और मौके पर पहुंच कर शव को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, छपरा भेज दिया गया। मृतक की पहचान स्व विनोद कुमार राय के 21 वर्षीय पुत्र सचिन कुमार के रूप में हुई, जो मूल रूप से मुजफ्फरपुर जिले के रामपुरहरी थाना क्षेत्र अंतर्गत नरमा चक्की गांव का रहने वाला था।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई और विशेष टीम का गठन

हत्या की इस गंभीर घटना को पुलिस प्रशासन ने बेहद गंभीरता से लिया। सारण के वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-01 राम पुकार सिंह ने संयुक्त रूप से खुद घटना स्थल का दौरा किया और बारीकी से निरीक्षण किया। मामले के जल्द खुलासे और अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष दिशा- निर्देश जारी किया गया। जांच को पुख्ता बनाने के लिए FSL (फॉरेसिंक साइंस लैब) टीम और तकनीकी सेल की मदद ली गई, जिन्होंने घटना स्थल से अहम वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए।

लड़की को लेकर विवाद

प्रारंभिक अनुसंधान और पूछताछ में जो बात सामने आई, वह बेहद चौंकाने वाली थी। एस एस पी ने बताया कि मृतक सचिन कुमार और आरोपी मनोहर कुमार के बीच किसी लड़की से बातचीत को लेकर विवाद चल रहा था। यही आपसी रंजिश और विवाद इस खूनी संघर्ष की मुख्य वजह बनी।

मोबाइल और खून लगी ईंट बरामद

वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और सदर-01 अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया था। इस टीम ने मानवीय खुफिया तंत्र और तकनीकी सर्विलांस का बेहतरीन इस्तेमाल करते हुए महज कुछ ही घंटों में मुख्य अभियुक्त मृतक के गांव निवासी चंदेश्वर राय के 20 वर्षीय पुत्र मनोहर कुमार को दबोच लिया। पुलिस ने इस कांड के संबंध में नगर थाना में कांड संख्या- 813/26 दर्ज कर ली है, जिसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा-103(1), 3(5) और 61(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने घटना स्थल से हत्या में इस्तेमाल किए गए सामान भी बरामद किया हैं, जिनमें 02 मोबाइल, खून से सनी हुई एक ईंट, और मृतक/अभियुक्त के खून लगे कपड़े शामिल हैं। इस पूरी कार्रवाई को सफल बनाने में नगर थाना के थानाध्यक्ष, अन्य पुलिसकर्मी और डी०आई०यू० सारण की टीम की भूमिका सराहनीय रही। फिलहाल, पुलिस गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

धर्मेंद्र रस्तोगी की रिपोर्ट