Bihar News : सारण के आमी गंगा घाट पर स्नान के दौरान 18 वर्षीय किशोर डूबा, SDRF की टीम तलाश में जुटी, परिजनों का रो-रोकर हुआ बुरा हाल
Bihar News : सारण के आमी गंगा घाट पर गंगा नदी में स्नान करने के दौरान 18 वर्षीय एक किशोर नदी के तेज बहाव की चपेट में आकर अचानक लापता हो गया। इस हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है...
CHAPRA : सारण जिले के अवतार नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले आमी कर्मवारी पट्टी गांव स्थित नमामि गंगे गंगा घाट पर एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। जहां गंगा नदी में स्नान करने के दौरान 18 वर्षीय एक किशोर तेज धारा की चपेट में आकर डूब गया। इस अचानक हुई दुर्घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है, वहीं लापता किशोर के घर में कोहराम मचा हुआ है। समाचार लिखे जाने तक स्थानीय प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम के द्वारा गंगा नदी में डूबे युवक की सघन तलाश जारी थी। घटना के संबंध में बताया जाता है कि डूबे हुए किशोर की पहचान दिघवारा थाना क्षेत्र अंतर्गत सैदपुर ककड़ियां गांव निवासी सुमन सिंह के 18 वर्षीय पुत्र कृष कुमार उर्फ मोनू के रूप में हुई है। सोमवार को कृष अपने ममेरे भाई के साथ आमी स्थित नमामि गंगे गंगा घाट पर गंगा स्नान करने के लिए गया था। दोनों भाई घाट के पास नदी के पानी में उतर कर नहा रहे थे। इसी दौरान अचानक दोनों का पैर गहरे पानी में चला गया और वह गंगा नदी की तेज बहाव वाली धारा की चपेट में आ गए। देखते ही देखते दोनों युवक डूबने लगे।
स्थानीय लोगों की त्वरित कार्रवाई
युवकों को डूबता देख घाट पर मौजूद अन्य लोगों ने तुरंत शोर मचाना शुरू कर दिया। शोरगुल सुनकर आसपास के ग्रामीण और गोताखोर मौके पर दौड़ पड़े और अपनी जान की परवाह किए बग़ैर राहत व बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों के सामूहिक प्रयास से एक युवक को तो सुरक्षित पानी से बाहर निकाल लिया गया, लेकिन कृष कुमार पानी के तेज बहाव में संतुलन नहीं रख सका और वह गहराई में जाकर लापता हो गया।
प्रशासनिक एवं एसडीआरएफ की कार्रवाई
दिघवारा के अंचलाधिकारी (सीओ) मिट्ठू प्रसाद और अवतार नगर थाने के एसआई गंगा दयाल ओझा पुलिस बल के साथ तुरंत घटना स्थल पर पहुंच गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अंचलाधिकारी ने तत्काल एसडीआरएफ की टीम को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मोटरबोट और आधुनिक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंच कर गंगा नदी में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। गोताखोरों द्वारा नदी के चप्पे- चप्पे पर डूबे हुए किशोर की तलाश की जा रही है। हालांकि, देर शाम तक चलाए गए व्यापक खोज अभियान के बावजूद किशोर का कोई सुराग नहीं मिल पाया था।
परिजनों का रो- रोकर बुरा हाल
गंगा नदी में कृष के डूबने की मनहूस खबर जैसे ही उसके पैतृक गांव सैदपुर ककड़ियां पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। माता- पिता और अन्य संबंधियों का रो- रोकर बुरा हाल हो रहा है। पिता सुमन सिंह, मां सौम्या सुमन और भाई आयुष कुमार सहित परिवार के अन्य सदस्यों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहा हैं। गांव के लोगों की भीड़ पीड़ित परिवार के घर पर जुटी हुई है। सभी लोग किशोर के सुरक्षित मिलने की ईश्वर से प्रार्थना कर रहे हैं।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सांत्वना
इस दुखद घटना की सूचना मिलने पर बरुआ पंचायत के मुखिया अजीत कुमार सिंह उर्फ पप्पू सिंह, सरपंच सच्चिदानंद सिंह और मुन्ना सिंह सहित कई गणमान्य लोग तुरंत आमी गंगा घाट पर पहुंच गए। उन्होंने पीड़ित परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और इस कठिन समय में हरसंभव प्रशासनिक और सामाजिक सहयोग दिलाने का भरोसा दिया। समाचार लिखे जाने तक एसडीआरएफ की टीम नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही थी।
धर्मेंद्र रस्तोगी की रिपोर्ट