थाना बना शादी का मंडप: छपरा में पुलिस ने कराई प्रेमी जोड़े की शादी,सोशल मीडिया पर तारीफों की बाढ़

बिहार के छपरा (सारण) में रिविलगंज थाना परिसर स्थित शिव मंदिर में पुलिस और परिजनों की मौजूदगी में एक प्रेमी जोड़े की शादी संपन्न कराई गई। घर से फरार हुए बालिग प्रेमी युगल का मामला सुलझाकर पुलिस ने समाज में एक सकारात्मक मिसाल पेश की है।

छपरा में पुलिस ने कराई प्रेमी जोड़े की शादी- फोटो : Reporter

बिहार के छपरा से पुलिस की एक बेहद सकारात्मक और दिल छू लेने वाली भूमिका सामने आई है। आम तौर पर विवादों और मुकदमों के निपटारे के लिए पहचाना जाने वाला थाना परिसर इस बार दो परिवारों के मिलन और एक नई शुरुआत का गवाह बना। सारण जिले के रिविलगंज थाना परिसर में गुरुवार की देर शाम पुलिस, दोनों परिवारों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में एक प्रेमी युगल की शादी हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न कराई गई। पुलिस का यह मानवीय और संवेदनशील चेहरा अब सोशल मीडिया पर खूब तारीफ बटोर रहा है।


प्रेम प्रसंग के बाद घर से फरार हुआ था प्रेमी जोड़ा

मामला रिविलगंज थाना क्षेत्र के जासा के टोला गांव का है। यहाँ के निवासी गौतम मांझी के पुत्र मंजी मांझी और दिनानाथ मांझी की पुत्री झुनी कुमारी के बीच पिछले कई महीनों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। करीब एक महीने पहले दोनों अपने घर से अचानक फरार हो गए थे। हाल ही में जब यह प्रेमी जोड़ा वापस गांव लौटा, तो युवती के परिजनों ने रिविलगंज थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों पक्षों को थाने बुलाया।


थाने में हुई पंचायत और कानूनी जांच में बालिग मिले दोनों

थाना परिसर में दोनों पक्षों के परिजनों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में काफी देर तक शांतिपूर्ण बातचीत हुई। इस दौरान मंजी और झुनी ने स्पष्ट किया कि वे अपनी मर्जी से एक-दूसरे के साथ जीवन बिताना चाहते हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दोनों के उम्र से जुड़े दस्तावेजों की कानूनी जांच की, जिसमें दोनों बालिग पाए गए। इसके बाद दोनों परिवारों की आपसी सहमति से थाना परिसर में स्थित शिव मंदिर में ही शादी कराने का फैसला लिया गया।


मंत्रोच्चार और सात फेरों के साथ संपन्न हुई शादी की रस्में

थाना परिसर के शिव मंदिर में पंडित गणेश मिश्रा ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह की सभी धार्मिक रस्में पूरी कराईं। वर और वधू ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई, अग्नि के सामने सात फेरे लिए और जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया। विवाह संपन्न होने के बाद दोनों परिवारों ने गिले-शिकवे भुलाकर नवदंपती को आशीर्वाद दिया। इस मौके पर रिविलगंज नगर पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि मुकेश कुमार यादव उर्फ सोनू यादव, वार्ड पार्षद मनोज कुमार चौधरी, थानाध्यक्ष राजीव कुमार और भारी संख्या में पुलिसकर्मी व ग्रामीण मौजूद रहे।

बिहार पुलिस की सकारात्मक पहल की हर तरफ सराहना

थाने में हुई यह अनोखी शादी पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। आम लोगों के बीच अक्सर पुलिस की एक सख्त और नकारात्मक छवि देखने को मिलती है, लेकिन सारण पुलिस ने दो प्रेमी जोड़ों को एक नई जिंदगी देकर समाज में एक मिसाल पेश की है। लोगों ने इसे सामाजिक सहमति, पुलिस की सकारात्मक सोच और दो परिवारों के बीच सौहार्दपूर्ण समाधान का एक बेहतरीन उदाहरण बताया है, जिसकी गूंज अब सोशल मीडिया पर भी सुनाई दे रही है।

रिपोर्ट - धर्मेन्द्र रस्तोगी