Bihar Accident: सारण में दर्दनाक हादसा! सड़क किनारे सो रहे लोगों पर चढ़ा अनियंत्रित ट्रैक्टर, बच्ची समेत 7 घायल

Bihar Accident: सारण के मशरक में दर्दनाक हादसा, अनियंत्रित ट्रैक्टर सड़क किनारे सो रहे लोगों पर चढ़ गया। बच्ची समेत 7 लोग गंभीर रूप से घायल, सभी को छपरा सदर अस्पताल रेफर किया गया।

दर्दनाक हादसा- फोटो : freepik

Bihar Accident: बिहार के सारण जिले के मशरक नगर पंचायत क्षेत्र के तख्त दलित टोला में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रैक्टर सड़क किनारे सो रहे लोगों पर चढ़ गया, जिससे एक बच्ची, महिलाओं और युवकों समेत सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

बिजली संकट और भीषण गर्मी के बीच हुआ हादसा

ग्रामीणों के अनुसार दलित टोला का ट्रांसफार्मर कई दिनों से खराब पड़ा है, जिससे इलाके में बिजली आपूर्ति बंद है। भीषण गर्मी और उमस से परेशान होकर एक दर्जन से अधिक लोग अपने घरों के बाहर सड़क किनारे नाले के ऊपर बने स्थान पर सो रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रहा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और सो रहे लोगों को कुचलते हुए निकल गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया और आसपास के ग्रामीण तुरंत मदद के लिए पहुंच गए।

चेयरमैन की मदद से अस्पताल पहुंचाए गए घायल

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घटना के समय उसी रास्ते से गुजर रहे नगर पंचायत चेयरमैन सोहन महंतो ने स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मशरक पहुंचाने की व्यवस्था की। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल छपरा रेफर कर दिया।

बच्ची समेत सात लोग घायल

हादसे में घायल लोगों की पहचान पांच वर्षीय माही कुमारी, 70 वर्षीय गुलपति देवी, 70 वर्षीय कादित देवी, 17 वर्षीय राजा ठाकुर, 20 वर्षीय काजल देवी, 25 वर्षीय पवन ठाकुर और 28 वर्षीय लव कुश ठाकुर के रूप में हुई है। सभी को शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। अस्पताल सूत्रों के अनुसार कुछ घायलों की हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।

ट्रैक्टर जब्त, चालक फरार

शुरुआती जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर पानापुर थाना क्षेत्र के रसौली गांव स्थित एक टेंट हाउस का बताया जा रहा है। घुमावदार सड़क पर तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे सो रहे लोगों को रौंद दिया।हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर मशरक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर को जब्त कर लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।