Chhapra Accident: छपरा में तेज रफ्तार ट्रक ने ली 11 साल के छात्र की जान, स्कूल से साइकिल से लौटते समय हुआ दर्दनाक हादसा

Chhapra Accident: छपरा के रसूलपुर थाना क्षेत्र में एलपीजी सिलेंडर से भरे ट्रक ने 11 वर्षीय छात्र को कुचल दिया। स्कूल से साइकिल से लौट रहे मासूम की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Chhapra Accident:  छपरा के सारण जिले में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 11 साल के एक मासूम छात्र की जान चली गई। यह हादसा रसूलपुर थाना क्षेत्र के रसूलपुर-चैनपुर मुख्य मार्ग पर पकवाइनर गांव के पास हुआ। यहां एलपीजी गैस सिलेंडर से भरे एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने स्कूल से साइकिल पर घर लौट रहे छात्र को कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल छात्र की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है।

मृतक छात्र की पहचान रसूलपुर थाना क्षेत्र के शिवरी मठिया गांव निवासी अजीत कुमार यादव के 11 वर्षीय बेटे आदर्श कुमार के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि आदर्श रोज की तरह बुधवार को भी साइकिल से स्कूल गया था। पढ़ाई खत्म होने के बाद वह शाम को साइकिल से अपने घर लौट रहा था।

तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी

चश्मदीदों के अनुसार, जैसे ही आदर्श पकवाइनर गांव के पास पहुंचा, उसी समय सामने से आ रहे एलपीजी गैस सिलेंडरों से भरे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बच्चा सड़क पर दूर जाकर गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल आदर्श को उठाकर एकमा के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने उसकी जान बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन उसकी हालत बेहद गंभीर थी और इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा

मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी इस घटना से गहरे सदमे में हैं और हर किसी की आंखें नम हैं। घटना की सूचना मिलते ही रसूलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही हादसे में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

छपरा से धर्मेंद्र रस्तोगी की रिपोर्ट