सारण में नवनिर्मित खेल सम्मान भवन का लोकार्पण: राज्यपाल ने किया उद्घाटन, SAIL के सीएसआर से हुआ है निर्माण

बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन ने शुक्रवार को छपरा के बनियापुर में नवनिर्मित खेल भवन का लोकार्पण किया। इस भवन का निर्माण सेल के कॉरपोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी तहत किया गया है....

सारण में नवनिर्मित खेल सम्मान भवन का लोकार्पण- फोटो : धर्मेंन्द्र रस्तोगी

Chapra : सारण जिले के बनियापुर में सेल (SAIL) द्वारा कॉरपोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी (CSR) के तहत नवनिर्मित खेल सम्मान भवन का लोकार्पण आज बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन के करकमलों द्वारा किया गया। यह पहल क्षेत्र में खेल सुविधाओं के विस्तार और ग्रामीण व स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में एक अहम कदम है। 


गार्ड ऑफ ऑनर के साथ हुआ भव्य स्वागत, दीप प्रज्ज्वलन से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ

लोकार्पण समारोह के अवसर पर सर्वप्रथम माननीय राज्यपाल को गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया। इसके पश्चात राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। तत्पश्चात राज्यपाल एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का औपचारिक उद्घाटन किया और रिमोट का बटन दबाकर खेल सम्मान भवन का विधिवत लोकार्पण किया। 


जनप्रतिनिधियों और मंत्रियों ने रखी अपनी बातें, खेल सुविधाओं के विकास पर जोर

  • विधायक केदारनाथ प्रसाद सिंह: बनियापुर के विधायक ने अपने स्वागत संबोधन में कहा कि आजादी के बाद यह पहला अवसर है जब बिहार के किसी राज्यपाल का बनियापुर की पावन धरती पर आगमन हुआ है, जो क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक है। 
  • सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल: महाराजगंज के सांसद ने राज्यपाल के आगमन पर आभार व्यक्त किया तथा खेल मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह के नेतृत्व में सारण जिले में खेल के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। 
  • खेल मंत्री श्रेयसी सिंह: माननीय खेल एवं उद्योग मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि वर्ष 2036 में भारत में ओलंपिक खेलों के आयोजन के प्रधानमंत्री के सपने को पूरा करने में बिहार और सारण के खिलाड़ियों की महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है। इस भवन से खिलाड़ियों को व्यवस्थित प्रशिक्षण और बेहतर कोचिंग की सुविधा मिलेगी। 



राज्यपाल का संबोधन: 'खेल केवल शारीरिक गतिविधि नहीं, बल्कि सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम'

समारोह के मुख्य अतिथि राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन ने अपने संबोधन में कहा कि खेल सिर्फ शारीरिक गतिविधि तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सामाजिक विकास, सद्भाव और सकारात्मक बदलाव का सशक्त माध्यम है। खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास करता है। उन्होंने सांसद और विधायक के प्रयासों की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि यह भवन सारण जिले को खेल के मानचित्र पर एक नई पहचान दिलाएगा। 


डीएम वैभव श्रीवास्तव ने किया धन्यवाद ज्ञापन, स्थानीय प्रतिभाओं को मिलेगा नया मंच

कार्यक्रम के अंत में सारण के जिला पदाधिकारी श्री वैभव श्रीवास्तव ने धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने राज्यपाल, सांसदों, विधायकों, खेल मंत्री और सभी गणमान्य अतिथियों के प्रति आभार जताते हुए इसे जिले के लिए अत्यंत हर्ष और गौरव का विषय बताया। सेल (SAIL) के सीएसआर सहयोग से बना यह आधुनिक भवन स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी क्षमता और कौशल को निखारने का एक बेहतरीन मंच प्रदान करेगा। 


धर्मेंद्र की रिपोर्ट