Nitish Kumar: मांझी में शक्ति प्रदर्शन या सियासी संदेश, महेंद्र मिश्र को श्रद्धांजलि देने पहुंचे नीतीश कुमार, प्रभुनाथ समर्थकों ने की नारेबाजी

Nitish Kumar: नीतीश कुमार जलालपुर बाजार पहुंचे, जहां उन्होंने स्वतंत्रता सेनानी पंडित महेंद्र मिश्र की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित ...

मांझी में शक्ति प्रदर्शन या सियासी संदेश- फोटो : reporter

Nitish Kumar: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री, राज्यसभा सांसद एवं जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार  सारण जिले के मांझी विधानसभा क्षेत्र के जलालपुर बाजार पहुंचे, जहां उन्होंने महेंद्र चौक स्थित भोजपुरी लोकगीतों और पूर्वी धुनों के अमर रचनाकार एवं स्वतंत्रता सेनानी पंडित महेंद्र मिश्र की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। उनके आगमन को लेकर पूरे इलाके में राजनीतिक सरगर्मी तेज रही और जदयू कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

महेंद्र चौक पर ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा और नीतीश कुमार जिंदाबाद के नारों के बीच उनका जोरदार स्वागत किया गया। माल्यार्पण के बाद उन्होंने स्थानीय नेताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठनात्मक गतिविधियों तथा क्षेत्र के राजनीतिक हालात पर संक्षिप्त चर्चा की। हालांकि उन्होंने मीडिया से दूरी बनाए रखी और किसी भी राजनीतिक सवाल पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

इस मौके पर जनता दल (यू) के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार झा, भाजपा सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, मांझी के जदयू विधायक रणधीर कुमार सिंह समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी नेताओं ने पंडित महेंद्र मिश्र के साहित्यिक और सांस्कृतिक योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।कार्यक्रम के दौरान जदयू विधायक रणधीर कुमार सिंह ने कहा कि मांझी क्षेत्र के लिए यह गौरव का विषय है कि नीतीश कुमार का मार्गदर्शन लगातार मिलता रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस दौरे से संगठन को नई मजबूती मिलेगी और क्षेत्र के विकास कार्यों को भी गति मिलेगी।

इधर, कार्यक्रम स्थल पर पूर्व सांसद प्रभुनाथ सिंह के समर्थकों ने भी उनके समर्थन में नारेबाजी की, जिससे कुछ देर के लिए राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गईं। हालांकि इस पूरे घटनाक्रम पर भी नीतीश कुमार ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी और अपना निर्धारित कार्यक्रम शांतिपूर्वक पूरा कर सड़क मार्ग से पटना के लिए रवाना हो गए।पूर्व मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा और कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

रिपोर्ट- धर्मेंद्र कुमार