सारण में सीएम के संभावित दौरे की तैयारियां तेज: डीएम और एसएसपी ने रामघाट और दलन सिंह स्कूल का किया संयुक्त निरीक्षण
Chapra : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के संभावित सारण (मांझी) दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां बेहद तेज कर दी हैं। प्रस्तावित भ्रमण के दौरान विकास कार्यों, शैक्षणिक सुधारों और आधारभूत संरचनाओं के प्रभावी प्रदर्शन के लिए प्रशासनिक स्तर पर लगातार कवायद चल रही है। इसी कड़ी में शुक्रवार को जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) रोशन कुमार ने संयुक्त रूप से प्रस्तावित कार्यक्रम स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया।
रामघाट का होगा कायाकल्प, 'मां सरयू कैफे' के नाम से विकसित होगा जीविका कैफेटेरिया
निरीक्षण के दौरान रामघाट परिसर को आकर्षक और व्यवस्थित स्वरूप देने पर विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने हैंगर, मंच, बैरिकेडिंग और सरयू नदी के जल से घाट की सफाई के निर्देश दिए। साथ ही, प्रस्तावित जीविका कैफेटेरिया को 'मां सरयू कैफे, मांझी, सारण' के नाम से विकसित करने तथा अटल वाटिका में वॉर्म लाइटिंग, डेकोरेटिव प्लांट्स और बच्चों के लिए झूले जैसी सुविधाएं स्थापित करने के निर्देश दिए गए।
दलन सिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 'मिशन कायाकल्प' के बदलावों का होगा प्रदर्शन
रामघाट के बाद अधिकारियों ने दलन सिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सह इंटर कॉलेज पहुंचकर 'मिशन कायाकल्प' के तहत हुए कार्यों का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि विद्यालय में हुए सुधारों को दिखाने के लिए 'पहले और बाद' की तस्वीरों का पिक्टोरियल डिस्प्ले तैयार किया जाए। साथ ही आईसीटी लैब, स्मार्ट क्लास, बायोलॉजी लैब और लाइब्रेरी के बेहतर संचालन की तैयारियों की समीक्षा की गई।
आंगनबाड़ी केंद्रों की खेल-खेल में शिक्षा और एस्ट्रोनॉमी लैब की तकनीकी गतिविधियां
दौरे के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के लर्निंग आउटकम और खेल-खेल में प्रारंभिक शिक्षा देने के तरीकों का व्यावहारिक प्रदर्शन करने को कहा गया। इसके अलावा, एस्ट्रोनॉमी लैब में बच्चों द्वारा टेलीस्कोप से खगोलीय पिंडों का अवलोकन करने, ड्रोन उड़ाने की प्रक्रिया और रोबोटिक्स में हासिल तकनीकी दक्षता का जीवंत प्रदर्शन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को लेकर पुख्ता इंतजाम, तय समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश
एसएसपी रोशन कुमार ने प्रस्तावित कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन से जुड़े पहलुओं का जायजा लेते हुए आवश्यक पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सभी विभागों और कार्यकारी एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ गुणवत्तापूर्ण कार्य समय-सीमा के भीतर पूरा करने को कहा है, ताकि विकास कार्यों का जमीनी असर स्पष्ट रूप से दिखाई दे सके।