सारण में 10वीं की छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या, कुएं में मिला शव; मां का आरोप- पांच दरिंदों ने नोच डाला मेरी बेटी का आंचल!

सारण जिले के डेरनी थाना क्षेत्र में 10वीं की एक छात्रा का शव कुएं से मिलने के बाद सनसनी फैल गई है। मृतका की मां ने पांच युवकों पर सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या कर शव फेंकने का संगीन आरोप लगाया है।

Chhapra  - : बिहार के सारण जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली एक वारदात सामने आई है, जहाँ डेरनी थाना क्षेत्र में एक 10वीं की छात्रा की सामूहिक दुष्कर्म के बाद निर्मम हत्या कर दी गई। छात्रा का शव कुएं से बरामद होने के बाद इलाके में कोहराम मच गया है। मृतका की मां ने पांच युवकों पर अपनी बेटी को हवस का शिकार बनाने और फिर उसकी हत्या कर साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को कुएं में फेंकने का संगीन आरोप लगाया है।

मां की आपबीती: सामान लेने गई थी, दरिंदों ने बना लिया शिकार

पीड़िता की मां द्वारा थाने में दिए गए आवेदन के अनुसार, घटना 11 मार्च की दोपहर की है जब उनकी बेटी पुराने घर से सामान लेने निकली थी। आरोप है कि वहाँ पहले से घात लगाए बैठे सचिन, युवराज, चंदन, अजय और विकास मांझी ने उसे दबोच लिया। इन दरिंदों ने कथित तौर पर मासूम के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और फिर उसे घसीटते हुए कुएं में फेंक दिया ताकि वह जीवित न बच सके। मां ने यह भी खुलासा किया कि आरोपी विकास मांझी पहले भी उनकी बेटी के साथ दुष्कर्म का प्रयास कर चुका था और विरोध करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी थी।

पुलिस का एक्शन: एक गिरफ्तार, चार की तलाश में छापेमारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। डेरनी थानाध्यक्ष प्रीति कुमारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपियों में से एक, युवराज मांझी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की विशेष टीमें बाकी चार फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही हैं। पुलिस ने साफ किया है कि किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही सभी सलाखों के पीछे होंगे।

FSL की टीम ने खंगाला घटनास्थल, गांव में पुलिस छावनी

मामले की गंभीरता को देखते हुए सोनपुर एसडीपीओ प्रितेश कुमार खुद मौके पर पहुंचे। मुजफ्फरपुर से आई फोरेंसिक (FSL) टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और वहाँ से संदिग्ध नमूने एकत्रित किए हैं। गांव में व्याप्त भारी तनाव और आक्रोश को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस लगातार गश्त कर रही है ताकि स्थिति नियंत्रण में रहे और कानून व्यवस्था बनी रहे।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी नजरें, पुलिस का दावा- होगा न्याय

डेरनी थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतका की मां के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। फिलहाल पुलिस इसे संदिग्ध मौत मानकर सभी वैज्ञानिक पहलुओं से जांच कर रही है। हालांकि सामूहिक दुष्कर्म की आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगी, लेकिन पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि साक्ष्यों और फोरेंसिक जांच के आधार पर अपराधियों के खिलाफ ऐसा केस बनाया जाएगा कि उन्हें कड़ी से कड़ी सजा मिले।