saran Police: सारण में बकाया रुपये को लेकर विवाद, दरोगा से हाथापाई और वर्दी फाड़ने का आरोप; युवक हिरासत में

saran Police: सारण के पहलेजा घाट में बकाया रुपये के विवाद के दौरान दरोगा से हाथापाई और वर्दी फाड़ने का आरोप लगा है। पुलिस ने राजेश कुमार राय को हिरासत में लिया।

saran  Police:  सारण जिले के पहलेजा घाट इलाके में शुक्रवार सुबह बकाया रुपये के लेनदेन को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। पुलिस गश्ती दल के मौके पर पहुंचते ही एक युवक पर सब इंस्पेक्टर के साथ हाथापाई करने और उनकी वर्दी फाड़ने का गंभीर आरोप लगा है। पुलिस ने आरोपी युवक को तुरंत हिरासत में ले लिया, जिसके बाद थाने के बाहर ग्रामीणों का भारी जमावड़ा लग गया।


लेनदेन से शुरू हुआ विवाद


जानकारी के अनुसार, सबलपुरा उत्तरी पंचायत निवासी राजेश कुमार राय शुक्रवार सुबह पहलेजा घाट स्थित एक दुकान पर अपना बकाया पैसा मांगने पहुंचा था। इस दौरान दुकानदार और राजेश के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ता देख दुकानदार ने पुलिस को फोन कर सूचना दी कि युवक उसे गोली मारने की धमकी दे रहा है।


पूछताछ के दौरान दरोगा से झड़प


सूचना मिलते ही गश्ती दल मौके पर पहुंचा और राजेश से पूछताछ करने लगा। इसी बीच बहस बढ़ गई और आरोप है कि राजेश ने सब इंस्पेक्टर उमाशंकर राय का कॉलर पकड़ लिया। हाथापाई के दौरान सब इंस्पेक्टर की वर्दी फट गई। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद युवक को काबू में किया और हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया।


थाने के बाहर उमड़ी भीड़, बंद करना पड़ा गेट 


युवक को पुलिस हिरासत में लिए जाने की खबर जैसे ही गांव में फैली, उसके समर्थन में स्थानीय लोग थाने के बाहर जुटने लगे। स्थिति की संवेदनशीलता और बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने एहतियातन थाने का मुख्य गेट बंद कर दिया।


पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अलग दावे


घटनास्थल पर मौजूद कुछ लोगों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचते ही युवक के साथ गाली-गलौज और मारपीट की, जिससे विवाद भड़का। वहीं, दूसरी ओर थानाध्यक्ष संदीप कुमार ने बताया कि दुकानदार को जान से मारने की धमकी देने और पुलिस अधिकारी के साथ मारपीट करने के आरोप में युवक को हिरासत में लिया गया है। फिलहाल पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

छपरा से धर्मेंद्र रस्तोगी की रिपोर्ट