Bihar News: पंचायत भवन में मिला महिला एग्जीक्यूटिव असिस्टेंट का संदिग्ध शव, इलाके में मचा हड़कंप
Bihar News:
Bihar News: बिहार के छपरा जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बसाढ़ी गांव स्थित पंचायत भवन में महिला कार्यपालक सहायक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। मृतका की पहचान प्रियंका कुमारी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, प्रियंका रोजाना की तरह शनिवार को पंचायत भवन अपने काम पर गई थीं, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटीं। इससे चिंतित परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।
पंचायत भवन में की खुदकुशी
काफी खोजबीन के बाद जब परिवार के लोग पंचायत भवन पहुंचे तो भवन बाहर से बंद मिला, जिसके कारण वे अंदर नहीं जा सके। पूरी रात परिजन उनकी तलाश करते रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। रविवार सुबह जब प्रियंका के पिता दोबारा पंचायत भवन पहुंचे और किसी तरह अंदर प्रवेश किया तो कमरे के भीतर पंखे से लटका प्रियंका का शव देखकर उनके होश उड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।
2019 में हुई थी शादी
परिजनों के अनुसार, प्रियंका की शादी वर्ष 2019 में महमदपुर रसूलपुर गांव में हुई थी। शादी के बाद उनके दो बच्चे हुए, लेकिन वैवाहिक जीवन में तनाव बना रहा। दहेज प्रताड़ना के आरोप में वह पिछले चार वर्षों से अपने मायके गड़खा में रह रही थीं और वहीं से नौकरी कर रही थीं। मृतका के भाई रोहित ने आरोप लगाया है कि उनके जीजा राजीव रंजन राय के साथ दहेज को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था और इस मामले में पहले से केस भी दर्ज है।
परिजनों ने लगाई हत्या का आरोप
उन्होंने यह भी दावा किया कि कई बार उनकी बहन को धमकियां दी गई थीं। परिजनों ने इस घटना को संदिग्ध बताते हुए साजिश की आशंका जताई है। उनका कहना है कि यह सिर्फ आत्महत्या का मामला नहीं हो सकता। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।