Bihar News: जमुई में श्राद्धकर्म के दौरान गोलीबारी, दो युवकों की हालत गंभीर, जांच में जुटी पुलिस

गोली लगने से दो युवकों के घायल होने की सूचना है। दोनों घायल युवक का इलाज जमुई सदर अस्पताल में किया जा रहा है। फिलहाल जमुई पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

जमुई में श्राद्धकर्म के दौरान गोलीबारी- फोटो : reporter

Bihar news: जमुई जिले के सदर प्रखंड स्थित काकन गांव में बीती रात एक श्राद्धकर्म समारोह के दौरान अचानक गोली चलने से दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सकलदेव कुमार के बाएं पैर और नीतीश कुमार के हाथ में गोली लगी है।घटना की सूचना मिलते ही दोनों घायलों को तत्काल जमुई सदर अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सकलदेव कुमार का ऑपरेशन कर गोली निकाली गई। चिकित्सकों के अनुसार, दोनों घायल अब खतरे से बाहर हैं।

अज्ञात हमलावर, कारण अनजान

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गोली किसने और क्यों चलाई। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जमुई सदर थानाध्यक्ष अरुण कुमार ने बताया कि अभी तक कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है और जल्द ही घटना के कारणों का खुलासा करने का प्रयास कर रही है।

अपराध की छाया में काकन गांव

काकन गांव अपराध की घटनाओं के लिए कुख्यात रहा है। इस घटना के बाद एक बार फिर गांव में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं गांव में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठाती हैं।

रिपोर्ट- सुमित सिंह