Bihar News : दरभंगा में कंक्रीट मिक्सचर ने पैदल जा रहे टेम्पो चालक को रौंदा, अस्पताल जाने के दौरान हुई मौत

Bihar News : दरभंगा में निर्माण कार्य में इस्तेमाल की जा रही मसाला गाड़ी ने पैदल जा रहे टेंपो चालक श्याम पासवान को रौंद दिया। जिससे उसकी मौत हो गयी.....पढ़िए आगे

टेम्पो चालक की मौत - फोटो : VARUN

DARBHANGA : दरभंगा में एलिवेटेड सड़क निर्माण कार्य के दौरान गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया. शहर के बेंता थाना के ठीक सामने पिलर नंबर 86 के पास निर्माण कार्य में जुटी एक कंक्रीट मिक्सर ने पैदल जा रहे टेंपो चालक श्याम पासवान को रौंद दिया. दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल श्याम को तुरंत दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.

घर लौटते समय हुआ दुर्घटना का शिकार

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक श्याम पासवान अपने निवास स्थान पासवान टोला की ओर पैदल ही जा रहे थे. इसी दौरान पिलर नंबर 86 के समीप निर्माण कार्य में व्यस्त तेज रफ्तार मसाला गाड़ी की चपेट में आ गए. अचानक हुए इस हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों और राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई. घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया और आक्रोश व्याप्त हो गया.

सड़क संकरी होने और सुरक्षा इंतजामों की कमी का आरोप

स्थानीय निवासियों ने निर्माण कार्य में लगे ठेकेदारों और प्रशासन पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं. लोगों का कहना है कि एलिवेटेड सड़क निर्माण के चलते जगह-जगह सड़कें बेहद संकरी हो गई हैं. एक ही संकरे रास्ते पर भारी निर्माण वाहनों के साथ-साथ शहर का आम ट्रैफिक भी चल रहा है, जिससे रोज जाम और हादसों की स्थिति बनी रहती है. आरोप है कि निर्माण स्थल पर न तो यातायात नियंत्रण की उचित व्यवस्था की गई है और न ही सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम हैं.

पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई और जांच

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है. इसके साथ ही दुर्घटनाग्रस्त वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से पड़ताल की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

निर्माण स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

इस दर्दनाक हादसे के बाद दरभंगा शहर में चल रहे एलिवेटेड सड़क निर्माण कार्य के दौरान अपनाए जा रहे सुरक्षा मानकों पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं. स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि भीड़भाड़ वाले इलाकों और थाना क्षेत्रों के पास निर्माण कार्य के दौरान ट्रैफिक मार्शल तैनात किए जाएं और भारी वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की जानलेवा घटनाओं को रोका जा सके.

वरुण ठाकुर की रिपोर्ट