Bihar News : डीएमसीएच शराब पार्टी मामला: वीडियो वायरल होने के बाद बेंता थाना में दर्ज हुआ FIR, जांच में जुटी पुलिस
Bihar News : डीएमसीएच के सर्जिकल भवन में शराब पार्टी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अब इस मामले में बेंता थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है.....पढ़िए आगे
DARBHANGA : बिहार के बड़े चिकित्सा संस्थान दरभंगा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (DMCH) में कथित तौर पर शराब पार्टी करने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद प्रशासन ने इस पर कड़ी कार्रवाई की है। एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी के सख्त निर्देश के बाद अब इस मामले में बेंता थाने में आधिकारिक रूप से प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है।
वीडियो में क्या आया था सामने?
सामने आए वायरल वीडियो में कथित तौर पर तीन महिला सफाईकर्मी और एक पुरुष ट्रॉली कर्मी को अस्पताल के सर्जिकल भवन के अंदर शराब का सेवन करते हुए दिखाया गया था। वीडियो में यह दावा किया गया था कि ये कर्मी शराब के टेट्रा पैक को स्प्राइट के साथ मिलाकर पी रहे थे। इस गंभीर लापरवाही और अस्पताल परिसर की पवित्रता को ठेस पहुंचाने वाले इस वीडियो के सामने आने के बाद पूरे स्वास्थ्य विभाग और प्रशासनिक हलके में हड़कंप मच गया था।
पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और अस्पताल प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया। एसडीपीओ राजीव रंजन ने प्राथमिकी दर्ज होने की पुष्टि करते हुए जानकारी दी है कि वायरल सीसीटीवी फुटेज और वीडियो की बारीकी से जांच की जा रही है। वीडियो में शराब पीते हुए नजर आ रहे सभी महिला और पुरुष कर्मियों की पहचान की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पहचान सुनिश्चित होते ही सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी और विधिक कार्रवाई की जाएगी।
जांच में जुटी पुलिस
वहीं दूसरी ओर, अस्पताल प्रशासन ने भी अपने स्तर पर वीडियो की सत्यता की जांच शुरू कर दी है और इसमें संलिप्त पाए जाने वाले कर्मियों पर विभागीय नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने की बात कही है। पुलिस की चल रही इस जांच के पूरी होने के बाद ही इस पूरे मामले की तस्वीर पूरी तरह साफ हो पाएगी।
वरुण ठाकुर की रिपोर्ट