Bihar News: दरभंगा में बड़ा नाव हादसा, 13 लोग नदी में डूबे, 3 महिलाएं लापता, SDRF ने संभाला मोर्चा

Bihar News: नदी पार कर रहे लोगों से भरी एक नाव अचानक असंतुलित होकर नदी में डूब गई। हादसे के वक्त नाव पर कुल 13 लोग सवार थे। ...

दरभंगा में बड़ा नाव हादसा- फोटो : social Media

Bihar News: दरभंगा जिले के किरतपुर प्रखंड स्थित तरवारा घाट के रिंग बांध के समीप  एक दर्दनाक नाव हादसे ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। मूंग की फसल तोड़ने के लिए नदी पार कर रहे लोगों से भरी एक नाव अचानक असंतुलित होकर नदी में डूब गई। हादसे के वक्त नाव पर कुल 13 लोग सवार थे। घटना के बाद नदी किनारे अफरा-तफरी और चीख-पुकार का माहौल बन गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी लोग रोजमर्रा की तरह नदी पार कर खेती-बाड़ी के काम के लिए जा रहे थे। इसी दौरान बीच धारा में नाव अचानक डगमगा गई और देखते ही देखते पानी में समा गई। नाव के पलटते ही उसमें सवार लोगों के बीच जान बचाने की जद्दोजहद शुरू हो गई। स्थानीय ग्रामीणों और आसपास मौजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए तत्काल राहत कार्य शुरू किया और नदी में कूदकर कई लोगों को बाहर निकाला।

हादसे में 13 में से 10 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है, लेकिन तीन महिलाएं अब भी लापता बताई जा रही हैं। महिलाओं के लापता होने की खबर से उनके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए हैं और हर किसी की निगाहें राहत एवं बचाव अभियान पर टिकी हुई हैं।

सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस महकमा हरकत में आ गया। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। नदी में लापता महिलाओं की तलाश के लिए व्यापक स्तर पर खोज अभियान शुरू कर दिया गया है। प्रशासन ने बचाव अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए एसडीआरएफ की टीम को भी मौके पर बुलाया है। विशेषज्ञ गोताखोर और राहतकर्मी नदी के विभिन्न हिस्सों में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में नाव ही आवागमन का प्रमुख साधन है और अक्सर किसान एवं मजदूर खेती के कार्य के लिए इसी रास्ते का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में नावों की सुरक्षा व्यवस्था और क्षमता को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।