गर्ल्स हॉस्टल में फंदे से लटका मिला LNMU की पीजी छात्रा का शव, मामले की जांच मे जुटी पुलिस

दरभंगा से एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां एक गर्ल्स हॉस्टल से एक पीजी की छात्रा का फांसी के फंदे से लटका शव बरामद हुआ है। मृतका मधुबनी जिले की रहने वाली बताई गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है....

गर्ल्स हॉस्टल में फंदे से लटका मिला छात्रा का शव- फोटो : वरुण ठाकुर

Darbhanga : शहर स्थित विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के अन्नपूर्णा गर्ल्स हॉस्टल में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय की 23 वर्षीय स्नातकोत्तर छात्रा निधि कुमारी का शव उसके कमरे में फंदे से लटका पाया गया। घटना के समय छात्रा के कान में हेडफोन लगा हुआ था और सामने मोबाइल रखा था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि वह आत्महत्या के दौरान किसी से वीडियो कॉल पर बात कर रही थी।


मधुबनी की रहने वाली थी मृतका, पटना से 112 पर मिली थी पुलिस को सूचना

मृतक छात्रा की पहचान मधुबनी जिले के बिस्फी थाना क्षेत्र की रहने वाली निधि कुमारी (23 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना की जानकारी सबसे पहले पटना स्थित डायल-112 के आपातकालीन नियंत्रण कक्ष को मिली। इसके तुरंत बाद स्थानीय पुलिस को अलर्ट किया गया और विश्वविद्यालय थाना पुलिस दल-बल के साथ बिना कोई वक्त गंवाए अन्नपूर्णा गर्ल्स हॉस्टल पहुंची।


पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव निकाला, FSL टीम ने जुटाए अहम सुराग

हॉस्टल पहुंचने पर पुलिस ने देखा कि छात्रा के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी आवाज देने के बाद भी कोई जवाब न मिलने पर पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां छात्रा का शव फंदे से लटक रहा था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से मोबाइल, हेडफोन और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए।


शव को पोस्टमार्टम के लिए DMCH भेजा गया, परिजनों में मचा कोहराम

पुलिस ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण करने के बाद शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH) भेज दिया है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और वे रोते-बिलखते दरभंगा पहुंचे। हॉस्टल में रहने वाली अन्य छात्राएं और स्थानीय लोग इस घटना से स्तब्ध हैं।


थानाध्यक्ष ने कहा-डिजिटल साक्ष्यों की जांच जारी, रिपोर्ट से खुलेगा राज

मामले की पुष्टि करते हुए विश्वविद्यालय थानाध्यक्ष सुधीर कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। उन्होंने बताया कि मृतका का मोबाइल जब्त कर लिया गया है और कॉल डिटेल तथा वीडियो कॉल से जुड़े सभी डिजिटल साक्ष्यों की बारीकी से जांच की जा रही है। थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।


वरुण ठाकुर की रिपोर्ट