Bihar Crime : दरभंगा के चंचल नगर में बम विस्फोट से दहला इलाका, दो मजदूर गंभीर रूप से हुए जख्मी, एक की हालत गंभीर

Bihar Crime : बिहार के दरभंगा जिले के चंचल नगर में एक निर्माणाधीन चारदीवारी के पास हुए संदिग्ध बम विस्फोट में दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए......पढ़िए आगे

बम विस्फोट से दहला दरभंगा - फोटो : VARUN

DARBHANGA : जिले के पतोर थाना क्षेत्र के चंचल नगर में मंगलवार को बाउंड्री वॉल निर्माण के दौरान हुए संदिग्ध बम विस्फोट में दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी। एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद के पहलू को भी खंगाल रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

घायलों की पहचान चंचल नगर निवासी लक्ष्मी पासवान के पुत्र रामबाबू पासवान तथा सियाकांत के पुत्र भोला पासवान के रूप में हुई है। दोनों मजदूर निर्माणाधीन चारदीवारी में स्ट्रिंग खोलने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान लोहे की रॉड में टंगा एक झोला दिखाई दिया। मजदूरों ने झोले को हटाने की कोशिश की तो उसमें जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोग दहशत में आ गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए डीएमसीएच भेजा गया, जहां एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, जिस जमीन पर चारदीवारी का निर्माण हो रहा था, वह मोहम्मद शाहिद की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस जमीन को लेकर वर्षों से विवाद चला आ रहा है। बताया जाता है कि वर्ष 2008 में मोहम्मद शाहिद ने मोहम्मद शेर मोहम्मद से जमीन खरीदी थी, लेकिन वर्ष 2025 में उसी जमीन की दोबारा रजिस्ट्री डॉ. रफीक के नाम किए जाने के बाद विवाद और गहरा गया।

स्थानीय लोगों का मानना है कि घटना का संबंध इसी पुराने जमीन विवाद से हो सकता है। हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी भी कारण की पुष्टि नहीं की है। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर यह पता लगाने में जुटी है कि झोले में विस्फोटक किसने और कब रखा तथा घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरे इलाके में पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है।

वरुण की रिपोर्ट