बड़ी खबर : दरभंगा में गश्ती के दौरान ASI को लगी गोली, उजान गांव के पास हुई घटना, DMCH में इलाज जारी
दरभंगा जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां एक एएसआई को गोली लगी है। घायल एएसआई को इलाज के लिए अस्पताल मे भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच मे जुटी है.....
Darbhanga : जिले के सकतपुर थाना क्षेत्र से गुरुवार को एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां सकतपुर थाने में तैनात एएसआई रणधीर कुमार को उजान गांव के पास गोली मार दी गई। गोली उनके पैर को आर-पार कर निकल गई, जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया और बाद में बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच (DMCH) रेफर कर दिया गया। वर्तमान में डीएमसीएच के इमरजेंसी वार्ड में उनका इलाज चल रहा है और उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
शौचालय जाने के लिए वाहन से उतरे थे एएसआई, तभी अचानक लगी गोली
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गुरुवार को सकतपुर पुलिस को मारपीट की सूचना मिली थी, जिसके सत्यापन के लिए पुलिस टीम उजान गांव जा रही थी और इस टीम में एएसआई रणधीर कुमार भी शामिल थे। रास्ते में वह शौचालय जाने के लिए पुलिस वाहन से उतरकर झाड़ी की ओर बढ़े थे, तभी अचानक उनके पैर में गोली लग गई। गोली किसने और किस दिशा से चलाई, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है।
एक महीने पहले हुई 900 लीटर शराब बरामदगी से जोड़कर हो रही जांच
पुलिस इस सनसनीखेज घटना को करीब एक महीने पहले हुई शराब की बड़ी खेप से जोड़कर भी गहराई से जांच कर रही है। कुछ समय पहले सकतपुर पुलिस ने डाक पार्सल वाहन से लगभग 900 लीटर शराब बरामद की थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी शराब बरामदगी या किसी पुरानी रंजिश के चलते एएसआई को निशाना बनाया गया हो, हालांकि पुलिस अभी सभी बिंदुओं पर साक्ष्य तलाश रही है।
एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी और एफएसएल टीम ने की मौके की जांच
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। मौके पर पहुंची एफएसएल (FSL) टीम ने घटनास्थल से तमाम महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं, साथ ही डीएमसीएच में भी घायल पुलिसकर्मी से संबंधित सैंपल एकत्र किए गए हैं। डीआईयू डीएसपी अमित कुमार साहू, बेंता थानाध्यक्ष विनय मिश्रा सहित भारी पुलिस बल अस्पताल और घटनास्थल पर कैंप कर रहा है।
हमलावरों की पहचान और वजह का पता लगाने में जुटी टेक्निकल सेल
एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि गोली किसने और कहां से चलाई, इन तमाम पहलुओं की तकनीकी और वैज्ञानिक जांच की जा रही है। टेक्निकल सेल की टीम घायल एएसआई और अन्य लोगों से पूछताछ कर रही है तथा आसपास के लोगों से भी जानकारियां जुटाई जा रही हैं ताकि जल्द ही हमलावरों का सुराग लगाकर कानूनी कार्रवाई की जा सके।