सीएम सम्राट चौधरी ने किया 54वें मिथिला विभूति पर्व समारोह का शुभारंभ, दरभंगा को दिए 346.25 करोड़ रुपये की 105 योजनाओं की सौगात

दरभंगा एयरपोर्ट का नाम विद्यापति एयरपोर्ट करने का प्रस्ताव एक महीने में केंद्र को भेजेगी सरकार, यह एलान रविवार को सीएम सम्राट ने दरभंगा में 54वें मिथिला विभूति पर्व समारोह के दौरान किए.....

54वें मिथिला विभूति पर्व समारोह का शुभारंभ- फोटो : वरुण ठाकुर

Darbhanga : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दरभंगा में 54वें मिथिला विभूति पर्व समारोह का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री को मिथिला की परंपरा के अनुसार पाग, चादर और माला से सम्मानित किया गया, जबकि कार्यक्रम को शांतिपूर्ण व सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। उद्घाटन सत्र के बाद मुख्यमंत्री ने जिले की कुल 105 विकासात्मक परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया, जिनकी कुल प्राक्कलित राशि 346.25 करोड़ रुपये से अधिक है।


अगले तीन महीने में दरभंगा इंडस्ट्रियल कॉरिडोर का काम शुरू होने का दावा, बिजली व उद्यमिता के लक्ष्य रखे गए

सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि अगले तीन महीनों के भीतर दरभंगा इंडस्ट्रियल कॉरिडोर का काम शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि वर्ष 2030 तक बिहार में 30 हजार मेगावाट बिजली उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके शुरू होने से मिथिलांचल में रोजगार को बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश के 1 करोड़ परिवारों को उद्यमी बनाने के लक्ष्य का भी जिक्र किया।


विद्यापति एयरपोर्ट नामकरण का प्रस्ताव केंद्र को भेजने व मार्च 2027 तक नए एयरपोर्ट की उम्मीद जताई

मुख्यमंत्री ने विद्यापति की प्रतिमा को राजकीय समारोह के साथ स्थापित करने की घोषणा की और कहा कि दरभंगा एयरपोर्ट का नाम बदलकर विद्यापति एयरपोर्ट करने का प्रस्ताव राज्य सरकार एक महीने के भीतर केंद्र सरकार को भेज देगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि मार्च 2027 तक दरभंगा का नया एयरपोर्ट आम लोगों को समर्पित कर दिया जाएगा।


मैथिली भाषा के चौमुखी विकास के लिए पहली से छठी कक्षा तक पढ़ाई शुरू करने की घोषणा

मैथिली भाषा को जन-जन तक पहुंचाने और इसके चौमुखी विकास के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अब प्रदेश में मैथिली भाषा की पढ़ाई कक्षा 1 से 6 तक कराई जाएगी। इस कदम से नई पीढ़ी में मातृभाषा के प्रति जुड़ाव बढ़ने और भाषा के संरक्षण व विस्तार को बल मिलने की बात कही गई।


वरुण की रिपोर्ट