ट्यूशन शिक्षक की शर्मनाक करतूत, छात्रा संग दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार, वीडियो वायरल करने की दे रहा था धमकी
दरभंगा के बहादुरपुर में एक ट्यूशन शिक्षक ने 12वीं की छात्रा के साथ दुष्कर्म किया और विरोध करने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
Darbhanga - : बिहार के दरभंगा जिले के बहादुरपुर थाना क्षेत्र में एक बार फिर मानवता और शिक्षा जगत को शर्मसार करने वाली घटना घटी है। घर पर ट्यूशन पढ़ाने आने वाले एक शिक्षक ने अपनी ही शिष्या को शादी का झांसा देकर अपनी हवस का शिकार बनाया। पुलिस ने पीड़िता की नानी की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज करते हुए आरोपी शिक्षक विजय पासवान को सलाखों के पीछे भेज दिया है।
घर में घुसकर मर्यादा की पार
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, आरोपी विजय पासवान पीड़िता के घर जाकर उसे 12वीं की ट्यूशन पढ़ाता था। 2 फरवरी को जब पीड़िता की नानी अचानक घर लौटीं, तो उन्होंने शिक्षक को अपनी नतिनी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में रंगे हाथ पकड़ लिया। विरोध करने पर शिक्षक ने पहले तो उनकी बात मानने का ढोंग रचा, लेकिन बाद में अपनी असलियत पर उतर आया।
पंचायत में दी जान से मारने की धमकी
इस मामले को सुलझाने के लिए 8 फरवरी को गांव में एक पंचायत बुलाई गई थी। पंचायत के दौरान आरोपी विजय पासवान ने न केवल शादी करने से साफ इनकार कर दिया, बल्कि पीड़िता और उसके परिजनों को जान से मारने की धमकी भी दे डाली। उसने दहशत फैलाने के लिए लड़की का आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की भी चेतावनी दी।
सामाजिक कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश
घटना के बाद सामाजिक कार्यकर्ता बलदेव राम ने गहरा आक्रोश व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि जिले में दलित लड़कियों के साथ बढ़ रही ऐसी घटनाएं चिंताजनक हैं। हालांकि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन उन्होंने सरकार से मांग की है कि ऐसे मामलों में केवल गिरफ्तारी काफी नहीं है, बल्कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए ताकि ऐसी घटनाओं पर लगाम लग सके।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई: आरोपी गिरफ्तार
बहादुरपुर थानाध्यक्ष प्रसूनजय कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़िता की नानी के आवेदन पर कांड संख्या 25/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेज दिया गया है और पुलिस मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है।
Report - varun thakur