Bihar Bus Accident: बिहार आ रही AC बस के परखच्चे उड़े, नींद में थे मुसाफिर, मौत बनकर सामने आया ट्रेलर, 4 की मौत

Bihar Bus Accident: दिल्ली से बिहार के दरभंगा आ रही एक AC बस शुक्रवार तड़के उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर में दर्दनाक हादसे का शिकार हो गई।

Bihar Bus Accident: दिल्ली से बिहार के दरभंगा आ रही एक AC बस शुक्रवार तड़के उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर में दर्दनाक हादसे का शिकार हो गई। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे पर जैतपुर थाना क्षेत्र में करीब सुबह 5 बजे तेज रफ्तार बस की टाइल्स लदे ट्रेलर से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी खौफनाक थी कि करीब 40 फीट लंबी बस का बायां हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में 4 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 4 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि बस में करीब 50 यात्री सवार थे, जिनमें बड़ी तादाद बिहार के यात्रियों की थी। हादसे के वक्त ज्यादातर मुसाफिर गहरी नींद में थे। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि बस चालक को झपकी आने के बाद वाहन अनियंत्रित हुआ और सामने चल रहे ट्रेलर से जा टकराया। बस की रफ्तार करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटा बताई जा रही है। हालांकि, हादसे की असल वजह जांच पूरी होने के बाद ही साफ हो सकेगी।

टक्कर इतनी जबरदस्त कि बस का हिस्सा हुआ तबाह

प्रत्यक्ष स्थिति के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का बायां हिस्सा लगभग पूरी तरह तबाह हो गया। कई यात्री बस के अंदर ही फंस गए। अचानक हुई इस तबाही से मौके पर चीख-पुकार मच गई। सड़क पर खून बिखरा पड़ा था और बस के क्षतिग्रस्त हिस्सों में यात्रियों का सामान भी फंसा नजर आया।जिस ट्रेलर से बस की भिड़ंत हुई, उसमें टाइल्स लदी हुई थीं। टक्कर के बाद टाइल्स के टुकड़े भी सड़क पर दूर तक बिखर गए। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बस का एक हिस्सा बुरी तरह चकनाचूर हो गया।

करीब 40 मिनट चला रेस्क्यू ऑपरेशन

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए पुलिस ने राहगीरों की मदद ली। क्षतिग्रस्त बस को काटकर यात्रियों को बाहर निकाला गया। करीब 40 मिनट तक रेस्क्यू ऑपरेशन चला। इसके बाद घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।

मृतकों में फिलहाल सचिन कुमार (30) की पहचान हुई है। वह बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं। बाकी तीन मृतकों की पहचान की कोशिश की जा रही है। घायलों में सुमित मिश्रा (33), सुमित आनंद (40) और रिंकू कुमारी (45) समेत अन्य यात्री शामिल हैं।

हादसे के बाद चालक और कंडक्टर फरार

हादसे के बाद बस का ड्राइवर, कंडक्टर और ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गए। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। बस 'तिघरा एक्सप्रेस' ट्रैवल की बताई जा रही है, जो दिल्ली से बिहार के दरभंगा के लिए रवाना हुई थी। वहीं, टाइल्स लदा ट्रेलर राजस्थान से बिहार की ओर जा रहा था। सुबह के वक्त एक्सप्रेस-वे पर हुए इस हादसे ने एक बार फिर लंबी दूरी की बस यात्रा में ड्राइवर की नींद और तेज रफ्तार को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस हादसे के तमाम पहलुओं की जांच कर रही है और फरार चालकों की तलाश की जा रही है।