Delhi Darbhanga flight: दिल्ली एयरपोर्ट पर बवाल! दरभंगा फ्लाइट रद्द होने से यात्रियों का फूटा गुस्सा

Delhi Darbhanga flight: दिल्ली से दरभंगा जाने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट SG495 तकनीकी खराबी के कारण रद्द कर दिया है। इस वजह से नाराज यात्रियों ने दिल्ली एयरपोर्ट पर हंगामा किया।

दिल्ली से दरभंगा जाने वाली फ्लाइट कैंसिल- फोटो : freepik

Delhi Darbhanga flight: दिल्ली से दरभंगा जाने वाले यात्रियों को शनिवार को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्पाइसजेट की फ्लाइट SG495 अचानक रद्द कर दिए जाने के बाद दिल्ली एयरपोर्ट पर यात्रियों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। फ्लाइट रद्द होने की जानकारी मिलने के बाद यात्रियों में नाराजगी फैल गई और एयरलाइन प्रबंधन के खिलाफ हंगामा शुरू हो गया।

जानकारी के अनुसार, स्पाइसजेट की फ्लाइट संख्या SG495 को शनिवार दोपहर 1 बजकर 25 मिनट पर दिल्ली से दरभंगा के लिए उड़ान भरनी थी। यात्री समय पर एयरपोर्ट पहुंच गए थे और बोर्डिंग शुरू होने का इंतजार कर रहे थे। लेकिन तय समय गुजरने के बाद भी फ्लाइट रवाना नहीं हुई। शुरुआत में यात्रियों को देरी की कोई स्पष्ट वजह नहीं बताई गई, जिससे उनकी चिंता और नाराजगी बढ़ती गई।

फ्लाइट रद्द किए जाने की सूचना दी गई

काफी देर तक इंतजार कराने के बाद एयरलाइन की ओर से फ्लाइट रद्द किए जाने की सूचना दी गई। इसके बाद यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने एयरपोर्ट पर विरोध शुरू कर दिया। यात्रियों का आरोप है कि एयरलाइन की तरफ से उन्हें समय पर सही जानकारी नहीं दी गई। उनका कहना है कि बार-बार पूछने के बावजूद कर्मचारियों ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। एयरलाइन कर्मचारियों ने फ्लाइट रद्द होने की वजह तकनीकी खराबी बताई। हालांकि यात्रियों का कहना है कि केवल तकनीकी समस्या का हवाला दिया गया, लेकिन उन्हें यह नहीं बताया गया कि समस्या क्या थी और आगे उनकी यात्रा की क्या व्यवस्था की जाएगी।

एयरलाइन पर गंभीर आरोप लगाए

कई यात्रियों ने एयरलाइन पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि घंटों तक एयरपोर्ट पर फंसे रहने के बावजूद उन्हें किसी दूसरी फ्लाइट की सुविधा नहीं दी गई और न ही आगे की यात्रा को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी दी गई। यात्रियों के मुताबिक, उनमें से कई लोग जरूरी काम, पारिवारिक कार्यक्रम और इलाज से जुड़े कारणों से दरभंगा जा रहे थे। फ्लाइट रद्द होने से यात्रियों को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ मानसिक तनाव का भी सामना करना पड़ा। कुछ यात्रियों ने आरोप लगाया कि एयरलाइन के कर्मचारी समस्या का समाधान करने के बजाय जिम्मेदारी से बचते नजर आए। फिलहाल सभी यात्री वैकल्पिक उड़ान या अन्य व्यवस्था का इंतजार कर रहे हैं।