मेडिकल कॉलेज में शर्मनाक करतूत: सर्जिकल वार्ड में 3 महिला और 1 पुरुष कर्मी का वीडियो वायरल, मचा हड़कंप

दरभंगा मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल (DMCH) के सर्जिकल भवन में तीन महिला सफाई कर्मियों और एक ट्रॉली कर्मी द्वारा शराब पार्टी करने का वीडियो वायरल हुआ है। प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं।

DMCH स्प्राइट के साथ शराब गटकते स्वास्थ्य कर्मियों का वीडियो आया सामने- फोटो : Reporter

बिहार के सबसे बड़े अस्पतालों में शुमार दरभंगा मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल (DMCH) से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। अस्पताल परिसर के सर्जिकल भवन में बैठकर शराब पार्टी करने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो के सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया है।


तीन महिला और एक ट्रॉली कर्मी की शर्मनाक करतूत

वायरल हो रहे इस वीडियो में डीएमसीएच के तीन महिला सफाई कर्मी और एक पुरुष ट्रॉली कर्मी खुलेआम शराब का सेवन करते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे ये सभी कर्मी टेट्रा पैक से शराब निकालकर उसे स्प्राइट के साथ मिलाकर पी रहे हैं। अस्पताल जैसी संवेदनशील और पवित्र जगह पर इस तरह की लत और लापरवाही देख लोगों में भारी आक्रोश है।


महिला कर्मियों के शामिल होने से चर्चाओं का बाजार गर्म

खासतौर पर अस्पताल के इस वीडियो में महिला कर्मियों के खुलेआम शराब पीने की घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर और शहर में चर्चाओं का बाजार गर्म है। मरीजों की सेवा और साफ-सफाई के लिए तैनात स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा अस्पताल परिसर के भीतर ही इस तरह की गैरकानूनी गतिविधियों को अंजाम दिए जाने से अस्पताल की छवि पर बड़ा सवालिया निशान लग गया है।


एसएसपी और अस्पताल अधीक्षक ने लिया कड़ा संज्ञान

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी जगुनाथ रेड्डी ने वीडियो का तत्काल संज्ञान लिया है और बेटा थाना के एसएचओ (SHO) को इस पूरे मामले की गहन जांच करने के आदेश दिए हैं। वहीं, डीएमसीएच के अस्पताल अधीक्षक डॉ. जगदीश चंद्र ने बयान देते हुए कहा है कि वायरल वीडियो की सत्यता की पूरी जांच कराई जाएगी और वीडियो में दिख रहे सभी कर्मियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

दरभंगा से वरुण ठाकुर की रिपोर्ट