Bihar News : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की माता के श्रद्धांजलि सभा में शामिल हुए राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, दी भावभीनी श्रद्धांजलि
Darbhanga : बिहार के राज्यपाल डॉ. आरिफ मोहम्मद खान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी की माता दिवंगत राधा देवी सरावगी की श्रद्धांजलि सभा में सम्मिलित हुए। उन्होंने दिवंगत राधा देवी सरावगी को नमन करते हुए इस क्षति को परिवार के लिए 'अपूरणीय' बताया। राज्यपाल ने परिवार के सदस्यों से बातचीत की और उन्हें इस कठिन समय में धैर्य रखने का संबल प्रदान किया। राधा देवी सरावगी के निधन के बाद दरभंगा स्थित संजय सरावगी के आवास पर शोक व्यक्त करने वाले गणमान्य व्यक्तियों का तांता लगा हुआ है। एनडीए के वरिष्ठ नेताओं से लेकर राज्य के प्रशासनिक मुखिया तक, सभी इस दुख की घड़ी में परिवार को ढांढस बंधाने पहुँच रहे हैं।
एनडीए के दिग्गजों ने दी पुष्पांजलि
शोक संतप्त परिवार से मिलने और दिवंगत आत्मा को नमन करने के लिए एनडीए के कई कद्दावर नेता दरभंगा पहुँचे। श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ-साथ केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय भी शामिल थे। नेताओं ने पुष्प चक्र अर्पित कर राधा देवी सरावगी के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएँ प्रकट कीं।
उपमुख्यमंत्रियों और मंत्रियों की उपस्थिति
बिहार सरकार के दोनों उपमुख्यमंत्री, विजय सिन्हा और सम्राट चौधरी ने भी पहुँचकर परिवार के प्रति अपनी सहानुभूति जताई। उनके साथ मंत्री दिलीप जायसवाल और सांसद संजय जायसवाल सहित भाजपा के कई अन्य विधायक और सांसद भी मौजूद रहे। सभी ने शोक संतप्त परिवार के साथ समय बिताया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
ईश्वर से शक्ति और शांति की प्रार्थना
श्रद्धांजलि सभा के दौरान पूरे वातावरण में शोक की लहर देखी गई। उपस्थित नेताओं और गणमान्य व्यक्तियों ने सामूहिक रूप से प्रार्थना की कि ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। साथ ही, सभी ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और उनके परिजनों को इस असीम दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की मंगलकामना की।
वरुण ठाकुर की रिपोर्ट