Bihar Crime News : दरभंगा में बाइक सवार दो बदमाशों ने युवक के गर्दन में मारी गोली, इलाज के लिए भेजा गया पटना
Bihar Crime News : दरभंगा जिले के लहेरियासराय थाना क्षेत्र के सैदनगर इलाके में दिनदहाड़े गोलीबारी की घटना से इलाके में सनसनी फ़ैल गयी है....पढ़िए आगे
DARBHANGA : बिहार के दरभंगा जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। लहेरियासराय थाना क्षेत्र के सैदनगर इलाके में दिनदहाड़े गोलीबारी की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। अचानक हुई इस वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, हमले में विजय भगत नाम का व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है। घटना के वक्त मौजूद उनके दोस्तों ने बताया कि एक बाइक पर सवार होकर आए दो अज्ञात बदमाशों ने विजय भगत को निशाना बनाकर गोली चला दी। गोली सीधे उनकी गर्दन के पास जाकर लगी, जिससे वे मौके पर ही खून से लथपथ होकर गिर पड़े।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और दोस्तों की मदद से घायल विजय भगत को आनन-फानन में इलाज के लिए दरभंगा स्थित अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल के डॉक्टरों द्वारा उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना भेज दिया गया। जहाँ उसका इलाज किया जा रहा है, वे फिलहाल जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। मामले की शुरुआती जांच और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, इस खूनी वारदात के पीछे जमीनी विवाद की बात सामने आ रही है। आशंका जताई जा रही है कि संपत्ति या किसी पुराने भूमि विवाद की रंजिश में ही अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया है।
घटना की सूचना मिलते ही लहेरियासराय थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है और इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों की पहचान कर जल्द से जल्द उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
वरुण ठाकुर की रिपोर्ट