Bihar Amrit Bharat Express: बिहार को मिली अमृत भारत एक्सप्रेस की सौगात, जयपुर से दरभंगा तक दौड़ेगी नई ट्रेन, इस जिला के यात्रियों को बड़ी राहत, टाइम टेबुल नोट कर लें

Bihar Amrit Bharat Express:रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है।अमृत भारत एक्सप्रेस के परिचालन से बिहार के लाखों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।

बिहार को मिली अमृत भारत एक्सप्रेस की सौगात- फोटो : social Media

Bihar Amrit Bharat Express: रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। बिहार, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के बीच कनेक्टिविटी को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से खातीपुरा (जयपुर)-दरभंगा-खातीपुरा अमृत भारत साप्ताहिक एक्सप्रेस का परिचालन शुरू किया जा रहा है। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 21 जून को खातीपुरा (जयपुर) से उद्घाटन स्पेशल ट्रेन संख्या 09711 का संचालन किया जाएगा, जबकि नियमित सेवा 22 जून से खातीपुरा और 23 जून से दरभंगा से शुरू होगी।

रेलवे की इस नई पहल को मिथिलांचल, चंपारण और सीमावर्ती क्षेत्रों के यात्रियों के लिए बड़ी सौगात माना जा रहा है। लंबे समय से राजस्थान और उत्तर बिहार के बीच सीधी एवं बेहतर रेल सेवा की मांग की जा रही थी। अब अमृत भारत एक्सप्रेस के परिचालन से हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।

पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चन्द्र के अनुसार ट्रेन संख्या 19725/19726 खातीपुरा-दरभंगा-खातीपुरा अमृत भारत एक्सप्रेस सप्ताह में छह दिन संचालित होगी। खातीपुरा से यह ट्रेन शुक्रवार को छोड़कर चलेगी, जबकि दरभंगा से रविवार को छोड़कर इसका परिचालन होगा। यह ट्रेन दौसा, भरतपुर, आगरा, कानपुर, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, बैरगनिया, सीतामढ़ी, जनकपुर रोड और कमतौल जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों पर ठहरेगी।

बिहार में इस ट्रेन का ठहराव कमतौल, जनकपुर रोड, सीतामढ़ी जंक्शन, बैरगनिया, रक्सौल जंक्शन, सिकटा, नरकटियागंज जंक्शन और बगहा स्टेशन पर होगा। इससे मिथिलांचल और पश्चिम चंपारण क्षेत्र के यात्रियों को सीधा फायदा मिलेगा और राजस्थान की यात्रा पहले की तुलना में अधिक आसान हो जाएगी।

यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन में कुल 22 कोच लगाए गए हैं। इनमें शयनयान श्रेणी के 8 कोच, सामान्य द्वितीय श्रेणी के 11 कोच, एक पेंट्रीकार और दो एलएसएलआरडी कोच शामिल हैं। यह व्यवस्था लंबी दूरी के यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव प्रदान करेगी।

नियमित समय-सारिणी के अनुसार यह ट्रेन खातीपुरा से चलकर तीसरे दिन रात 12:55 बजे दरभंगा पहुंचेगी। वहीं वापसी में दरभंगा से सुबह 4:30 बजे प्रस्थान कर अगले दिन सुबह 8:40 बजे खातीपुरा पहुंचेगी।

नई अमृत भारत एक्सप्रेस के परिचालन के साथ रेलवे ने कुछ अन्य ट्रेनों के समय में भी आंशिक संशोधन किया है। गोमतीनगर-दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस तथा नरकटियागंज-बढ़नी पैसेंजर ट्रेन के समय में बदलाव किया गया है। रेलवे अधिकारियों का मानना है कि यह नई सेवा उत्तर बिहार के यात्रियों के लिए बेहतर कनेक्टिविटी, सस्ती यात्रा और सुगम आवागमन का नया अध्याय साबित होगी।