'नल-जल' योजना में बड़ी कार्रवाई: प्रधान सचिव के औचक निरीक्षण में लापरवाही उजागर, जूनियर इंजीनियर सस्पेंड
Bihar News : सरकारी योजनाओं में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ विभाग ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। कार्यों में घोर लापरवाही, शिथिलता और अपने दायित्वों के निर्वहन में दोषी पाये जाने पर पीएचईडी के जूनियर इंजीनियर को सस्पेंड कर दिया गया है.
'Darbhanga : बिहार सरकार के लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED) ने सरकारी योजनाओं में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। इसी कड़ी में विभाग के प्रधान सचिव राजेश कुमार द्वारा दरभंगा जिले में संचालित ‘हर घर नल का जल’ योजना का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जलापूर्ति योजनाओं के संचालन और क्रियान्वयन में बड़े पैमाने पर अनियमितता तथा क्षेत्रीय स्तर पर गंभीर गड़बड़ी पाई गई, जिसे विभाग ने अत्यंत गंभीरता से लिया है।
सहयोग शिविर में मिली थीं पेयजल की शिकायतें
औचक निरीक्षण के साथ-साथ प्रधान सचिव ने दरभंगा जिले के हायाघाट प्रखंड अंतर्गत सिधौली पंचायत में आयोजित 'सहयोग शिविर' में भी शिरकत की। इस शिविर के दौरान स्थानीय आमजनों ने पेयजल आपूर्ति से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और विभागीय लचर व्यवस्था को लेकर अपनी शिकायतें सीधे प्रधान सचिव के सामने रखीं। इन शिकायतों को सुनने के बाद उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान का कड़ा निर्देश दिया।
कार्य में शिथिलता बरतने पर गिरी निलंबन की गाज
योजनाओं के स्थलीय निरीक्षण और सहयोग शिविर में मिली फीडबैक की गहन जांच के बाद विभाग ने त्वरित दंडात्मक कार्रवाई की है। जांच के क्रम में संबंधित क्षेत्र के जूनियर इंजीनियर को शासकीय कार्यों में घोर लापरवाही, शिथिलता और अपने दायित्वों के निर्वहन में दोषी पाया गया। कर्तव्यहीनता के इस मामले को गंभीरता से लेते हुए लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग ने तत्काल प्रभाव से कनीय अभियंता को सस्पेंड कर दिया है।
लापरवाही पर प्रधान सचिव का कड़ा संदेश
इस बड़ी कार्रवाई के बाद प्रधान सचिव राजेश कुमार ने सभी विभागीय अधिकारियों और अभियंताओं को स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट 'नल-जल योजना' के संचालन में किसी भी स्तर पर शिथिलता, भ्रष्टाचार या लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को फील्ड में उतरकर योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सरकार की प्राथमिकता
प्रधान सचिव ने दोहराया कि राज्य सरकार का मुख्य संकल्प हर नागरिक को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना है। इसके लिए लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग द्वारा पूरे राज्य में लगातार विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा है ताकि योजनाओं में पारदर्शिता बनी रहे। दरभंगा में हुई इस त्वरित कार्रवाई से जिले के प्रशासनिक और तकनीकी महकमे में हड़कंप मच गया है, वहीं आम जनता ने सरकार के इस कड़े कदम का स्वागत किया है।
नरोत्तम की रिपोर्ट