Patna Plane Tyre Burst: दरभंगा एयरपोर्ट पर टला बड़ा विमान हादसा, लैंडिंग के दौरान स्पाइसजेट विमान का टायर फटा, पायलट की सूझबूझ से सुरक्षित बचे सभी यात्री

Patna Plane Tyre Burst: बिहार के दरभंगा एयरपोर्ट पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब मुंबई से आई स्पाइसजेट की फ्लाइट SG115 लैंडिंग के दौरान तकनीकी खराबी का शिकार हो गई।....

दरभंगा एयरपोर्ट पर टला बड़ा विमान हादसा- फोटो : reporter

Patna Plane Tyre Burst: बिहार के दरभंगा एयरपोर्ट पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब मुंबई से आई स्पाइसजेट की फ्लाइट SG115 लैंडिंग के दौरान तकनीकी खराबी का शिकार हो गई। विमान का एक टायर अचानक फट गया, जिससे उसका पहिया रनवे पर काफी दूर तक घिसटता रहा। कुछ पल के लिए यात्रियों की सांसें थम गईं, लेकिन पायलट की सूझबूझ और पेशेवर कौशल ने एक बड़े हादसे को टाल दिया। विमान को सुरक्षित रोक लिया गया और सभी यात्रियों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया।

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, टायर फटने के बाद विमान को तुरंत एप्रन पर खड़ा कर दिया गया। इससे एयरपोर्ट पर पार्किंग स्पेस की कमी हो गई और उड़ानों का संचालन प्रभावित होने लगा। इसी कारण दिल्ली से दरभंगा आने वाली इंडिगो की एक फ्लाइट को एहतियातन पटना डायवर्ट करना पड़ा। बाद में स्थिति सामान्य होने पर उस विमान को दरभंगा लाया गया।

इसी बीच दरभंगा एयरपोर्ट पर एक और तकनीकी समस्या सामने आई। मुंबई से आने वाली अकासा एयर की फ्लाइट में भी तकनीकी खराबी की सूचना मिली। एक ही दिन में दो अलग-अलग विमानों में तकनीकी दिक्कत आने से एयरपोर्ट का परिचालन प्रभावित हो गया और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

सूत्रों के मुताबिक, दोनों विमानों के रातभर दरभंगा एयरपोर्ट पर ही खड़े रहने की संभावना है। ऐसे में मंगलवार को भी कुछ उड़ानों के संचालन पर असर पड़ सकता है। तकनीकी विशेषज्ञ विमानों की जांच और आवश्यक मरम्मत में जुटे हुए हैं, ताकि सेवाएं जल्द सामान्य हो सकें।

इस घटना ने एक बार फिर विमानन सुरक्षा और तकनीकी रखरखाव को लेकर चर्चा तेज कर दी है। हालांकि राहत की बात यह रही कि पायलट की सतर्कता, एयर ट्रैफिक कंट्रोल और ग्राउंड स्टाफ की त्वरित कार्रवाई से सभी यात्रियों की जान सुरक्षित रही और एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।

रिपोर्ट- वरुण ठाकुर