Bihar News : दरभंगा में पेट्रोल-डीजल के लिए हाहाकार, युद्ध और किल्लत की अफवाह से पंपों पर उमड़ी भारी भीड़, SDM ने दी सफाई

DARBHANGA : दरभंगा सहित बिहार के कई सीमावर्ती जिलों में पिछले कुछ घंटों से पेट्रोल-डीजल की किल्लत और आपूर्ति ठप होने की अफवाह ने जबरदस्त अफरा-तफरी मचा दी है। खाड़ी देशों में बढ़ते तनाव और संभावित युद्ध के कारण तेल की सप्लाई रुकने की खबरों ने लोगों को इस कदर डरा दिया है कि शहर के लगभग हर पेट्रोल पंप पर वाहनों की किलोमीटर लंबी कतारें देखी जा रही हैं। लोग अपनी गाड़ियों की टंकी फुल कराने के साथ-साथ गैलन और ड्रमों में भी स्टॉक जमा करने की होड़ में लगे हैं।

बाजार में यह अफवाह तेजी से फैली है कि आने वाले दिनों में अंतरराष्ट्रीय तनाव का असर स्थानीय आपूर्ति पर पड़ेगा, जिससे पेट्रोल पंप पूरी तरह बंद हो सकते हैं। इस डर के चलते लोग सुबह से ही पंपों पर डटे हुए हैं। कई पेट्रोल पंपों पर तेल खत्म होने की सूचना मिलने के बाद स्थिति और भी तनावपूर्ण हो गई, जिससे आम जनता के बीच पैनिक जैसा माहौल बन गया है। लोग किसी भी कीमत पर तेल सुरक्षित कर लेना चाहते हैं ताकि भविष्य की किल्लत से बच सकें।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि सोशल मीडिया और आसपास से मिल रही खबरों के अनुसार युद्ध की स्थिति में डीजल-पेट्रोल के दाम आसमान छू सकते हैं या इनकी उपलब्धता पूरी तरह खत्म हो सकती है। यही कारण है कि लोग अपनी जरूरत से ज्यादा तेल का स्टॉक कर रहे हैं। पंपों पर मची इस भगदड़ की वजह से यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है और प्रशासन को भीड़ नियंत्रित करने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है।

इस पूरे मामले पर प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। सदर एसडीओ विकास कुमार ने बताया कि जिले में तेल की आपूर्ति को लेकर किसी भी तरह की आधिकारिक कमी की पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह केवल अफवाहें हैं और लोगों को पैनिक होने या अनावश्यक रूप से तेल का स्टॉक करने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। प्रशासन स्थिति पर पैनी नजर रख रहा है और किसी भी तरह की कालाबाजारी या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

फिलहाल, प्रशासनिक दावों के बावजूद पेट्रोल पंपों पर भीड़ कम होने का नाम नहीं ले रही है। अफवाहों का असर इतना गहरा है कि सीमावर्ती इलाकों में लोग देर रात तक कतारों में खड़े नजर आ रहे हैं। जानकारों का मानना है कि जब तक आपूर्ति सामान्य रूप से बहाल नहीं दिखती और लोगों का भरोसा नहीं जीत लिया जाता, तब तक यह अफरा-तफरी जारी रह सकती है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे केवल विश्वसनीय स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर ही भरोसा करें। 

वरुण ठाकुर की रिपोर्ट