Bihar News : दरभंगा के प्रतिष्ठित स्कूल में छात्रों ने जमकर काटा बवाल, रजिस्ट्रेशन के नाम पर अवैध वसूली का लगाया आरोप
Bihar News : दरभंगा के सरकारी विद्यालय में 12वीं कक्षा के रजिस्ट्रेशन के नाम पर अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए छात्रों ने जमकर हंगामा किया............पढ़िए आगे
DARBHANGA : दरभंगा शहर के प्रतिष्ठित +2 मारवाड़ी हाईस्कूल में कथित अवैध वसूली का मामला सामने आने से शिक्षा विभाग में हलचल मच गया है। विद्यालय में 12वीं कक्षा के रजिस्ट्रेशन के नाम पर निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूलने का आरोप लगाते हुए छात्रों ने जमकर हंगामा किया। आक्रोशित विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर में विरोध प्रदर्शन करते हुए स्कूल प्रबंधन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए।
हंगामा कर रहे छात्रों का आरोप है कि 12वीं कक्षा के पंजीकरण के नाम पर उनसे 2250 रुपये लिए जा रहे हैं, जबकि दूसरे विद्यालयों में इसी प्रक्रिया के लिए 1450 रुपये लिए जाने की बात सामने आ रही है। छात्रों का यह भी दावा है कि उनसे पूरी राशि लेने के बावजूद महज 470 रुपये की रसीद दी जा रही है। इसी कथित अंतर को लेकर विद्यार्थियों में नाराजगी है।
छात्रों ने सवाल उठाया कि जब सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों से शुल्क निर्धारित है, तो फिर अतिरिक्त राशि किस मद में और किसके आदेश पर ली जा रही है? विद्यार्थियों ने विद्यालय की प्रधानाचार्या की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए मामले में उनकी संलिप्तता की आशंका जताई और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की।
मामले को लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारी विद्यानंद ठाकुर ने बताया कि उन्हें इस प्रकरण की जानकारी मिली है। मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, छात्रों के आरोपों के बाद पूरे मामले की जांच पर सबकी नजरें टिकी हैं। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि रजिस्ट्रेशन के नाम पर ली जा रही राशि निर्धारित शुल्क के अनुरूप है या इसमें किसी तरह की अनियमितता बरती गई है।
वरुण ठाकुर की रिपोर्ट