Bihar Police:आंसू गैस की ट्रेनिंग में मचा हड़कंप, 100 से ज्यादा जवानों की बिगड़ी तबीयत, DMCH में भर्ती
Bihar Police: आंसू गैस के गोले दागने की ट्रेनिंग के दौरान अचानक कई जवानों की तबीयत बिगड़ गई।
Bihar Police: दरभंगा में बिहार स्पेशल आर्म्ड पुलिस-13 (BSAP-13) के प्रशिक्षण परिसर में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब आंसू गैस के गोले दागने की ट्रेनिंग के दौरान अचानक कई जवानों की तबीयत बिगड़ गई। घटना के बाद बड़ी संख्या में जवानों और पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH) पहुंचाया गया। प्रशिक्षण के दौरान हुए विस्फोट के बाद जवानों को परेशानी होने की बात सामने आई है।
BSAP-13 में प्रशिक्षित जवानों को आंसू गैस के गोले के इस्तेमाल और उन्हें दागने की प्रक्रिया का अभ्यास कराया जा रहा था। इसी दौरान एक एक्सप्लोसिव ब्लास्ट हुआ। ब्लास्ट के बाद वहां मौजूद कुछ जवानों ने सांस लेने में परेशानी और अन्य तकलीफ की शिकायत की। इसके साथ ही कुछ पुलिसकर्मियों ने शरीर में खुजली होने की शिकायत भी की।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। प्रभावित जवानों को तत्काल चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई गई और एहतियात के तौर पर उन्हें DMCH भेजा गया। हालांकि, शुरुआती जानकारी में सौ से अधिक जवानों के प्रभावित होने की बात सामने आई थी, जबकि BSAP-13 के कमांडेंट रवीश कुमार ने बताया कि गंभीर रूप से प्रभावित जवानों की संख्या पांच है और कुछ अन्य पुलिसकर्मियों ने खुजली की शिकायत की है।
कमांडेंट रवीश कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि जवानों को आंसू गैस का गोला दागने का प्रशिक्षण दिया जा रहा था। इसी दौरान विस्फोट के बाद कुछ जवानों ने परेशानी महसूस की। सभी को एहतियात के तौर पर अस्पताल भेजा गया। चिकित्सकों के अनुसार किसी भी जवान की स्थिति खतरे से बाहर है।
फिलहाल दो पुलिसकर्मियों को DMCH में भर्ती रखा गया है, जबकि अन्य जवानों का प्राथमिक उपचार किए जाने के बाद उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक घटना के बाद प्रशिक्षण प्रक्रिया और जवानों की सुरक्षा को लेकर भी जरूरी सावधानियां बरती जा रही हैं।
इस घटना ने प्रशिक्षण के दौरान सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, अधिकारियों की ओर से अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि विस्फोट की वजह क्या थी और आंसू गैस के प्रशिक्षण के दौरान अचानक इतनी संख्या में जवानों को परेशानी क्यों हुई। मामले में विस्तृत जानकारी और जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो सकेगी।
रिपोर्ट- वरुण कुमार ठाकुर