Bihar News : जिम संचालक पर युवती ने अश्लील मैसेज और पोर्न वीडियो भेजने का लगाया आरोप, पीड़िता पहुंची महिला थाना

Bihar News : दरभंगा में जिम संचालक पर एक 25 वर्षीय युवती ने लगातार फोन-मैसेज कर प्रताड़ित करने और आपत्तिजनक वीडियो भेजने का गंभीर आरोप लगाया है।

अश्लील वीडियो भेजने का आरोप - फोटो : VARUN

DARBHANGA : जिले के लहेरियासराय थाना क्षेत्र के सैदनगर स्थित एक जिम संचालक पर युवती ने लगातार फोन और व्हाट्सएप मैसेज कर परेशान करने, जबरन मिलने का दबाव बनाने, अश्लील मैसेज व वीडियो भेजने तथा आपत्तिजनक फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले को लेकर 25 वर्षीय युवती ने महिला थाना में लिखित आवेदन देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की गुहार लगाई है।

जिम में हुआ परिचय 

आवेदन के अनुसार, पूजा करीब छह महीने तक सैदनगर स्थित फिटनेस-24 जिम में व्यायाम करने जाती थी। इसी दौरान जिम संचालक शराफत हुसैन से उसका परिचय हुआ। युवती का आरोप है कि शुरुआत में सब कुछ सामान्य था, लेकिन करीब तीन महीने से जिम संचालक लगातार उसे फोन और मैसेज करने लगा। आरोप है कि वह युवती को शॉपिंग करने, रेस्टोरेंट जाने और अकेले मिलने के लिए दबाव बनाता था। इसके अलावा वह व्यक्तिगत एवं शारीरिक संबंध बनाने के लिए भी दबाव डालता था। युवती ने आवेदन में बताया है कि उसने कई बार स्पष्ट रूप से अपनी असहमति जताई और ऐसे किसी संबंध या मुलाकात में रुचि नहीं होने की बात कही। इसके बावजूद आरोपित का फोन और मैसेज करना जारी रहा। लगातार संपर्क और दबाव से परेशान होकर युवती ने जिम जाना भी छोड़ दिया। आरोप है कि इसके बाद भी रास्ते में उसे परेशान करने और संपर्क करने का प्रयास किया जाता रहा।

हिडेन कैमरे का दावा कर दी वीडियो वायरल करने की धमकी

युवती ने आवेदन में सबसे गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि जिम संचालक उसे यह कहकर धमकाता है कि जिम के ट्रायल रूम में उसने हिडेन कैमरा लगाया था, जिसमें उसके न्यूड फोटो और वीडियो रिकॉर्ड हैं। आरोप है कि वह कहता है कि यदि उसकी बात नहीं मानी तो उक्त फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर देगा। पीड़िता के अनुसार, आरोपित के मोबाइल नंबर से उसके मोबाइल पर रात करीब एक से दो बजे के बीच लगातार कॉल किए जाते हैं। साथ ही व्हाट्सएप पर बड़ी संख्या में अश्लील मैसेज और पोर्न वीडियो भेजे जाने का भी आरोप लगाया गया है। युवती ने इन मैसेज और अन्य साक्ष्यों की छायाप्रति आवेदन के साथ संलग्न करने की बात कही है।

परेशान होकर महिला थाना पहुंची युवती

पीड़िता ने बताया कि आरोपित की लगातार हरकतों से वह काफी मानसिक तनाव और भय में है। उसका आरोप है कि आरोपित बार-बार धमकी देता है कि यदि उसका फोन नहीं उठाया गया तो वह उसके साथ गलत करेगा। लगातार परेशान किए जाने के बाद वह अपनी शिकायत लेकर महिला थाना पहुंची है। युवती ने आशंका जताई है कि भविष्य में आरोपित उसके साथ कोई अप्रिय घटना कर सकता है।

आवेदन मिला, जांच के बाद प्राथमिकी की बात

महिला थानाध्यक्ष पुष्पलता कुमारी ने बताया कि युवती का आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि आवेदन में कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं और कुछ साक्ष्य भी उपलब्ध कराए गए हैं।अनुसंधान के बाद प्राथमिकी दर्ज कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आरोप सही पाए जाने पर आरोपित के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।

वरुण ठाकुर की रिपोर्ट