Bihar News : दरभंगा में प्रवीण तोगड़िया ने जनसंख्या संतुलन पर दिया बड़ा बयान, कहा- 'तीन बच्चे हिंदू सच्चे, बाकी हिंदू कच्चे'
Bihar News : 'तीन बच्चे हिंदू सच्चे, बाकी हिंदू कच्चे'.....दरभंगा में प्रवीन तोगडिया ने जनसंख्या संतुलन पर बड़ा बयान दिया है.......पढ़िए आगे
DARBHANGA : जिले के लहेरियासराय स्थित पचाढी स्थान छावनी परिसर में मंगलवार देर रात अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद (AHP) एवं राष्ट्रीय बजरंग दल दरभंगा परिवार की ओर से एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद और राष्ट्रीय बजरंग दल के संस्थापक अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने अपने संबोधन में कहा की हिंदुओं को तीन बच्चे होने चाहिए। तीन बच्चे हिंदू सच्चे, बाकी हिंदू कच्चे। उनका कहना था कि हिंदू समाज को मजबूत बनाने के लिए जनसंख्या संतुलन जरूरी है। अपने संबोधन में प्रवीण तोगड़िया ने हिंदू संगठन की आवश्यकता पर बल देते हुए जनसंख्या, घुसपैठ, गौहत्या और सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ जैसे मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज को एकजुट होकर अपने धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए आगे आना होगा। इस दौरान उन्होंने परिवार और समाज को मजबूत बनाने पर जोर देते हुए कहा कि “तीन बच्चे हिंदू सच्चे, बाकी हिंदू कच्चे”।
उन्होंने जनसंख्या के मुद्दे पर कहा कि “सच्चे हिंदू बनने के लिए तीन बच्चे करो, तीन बच्चे हिंदू सच्चे, बाकी हिंदू कच्चे।”देश की स्थिति पर टिप्पणी करते हुए तोगड़िया ने कहा कि भारत पहले भी महान था, आज भी महान है और आगे भी महान रहेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का नाम लेते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत का गौरव बढ़ रहा है। लव जिहाद के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि यह बिल्कुल नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी बहन-बेटी के साथ ऐसी घटना होती है तो समाज की सभी जातियों को एकजुट होकर खड़ा होना चाहिए।
अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के संस्थापक प्रवीण तोगड़िया ने दरभंगा में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि कार्यकर्ता सम्मेलन में यह निर्णय लिया गया है कि हर गांव और हर मुहल्ले में मंगलवार और शनिवार की रात सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि देशभर में इस समय लाखों स्थानों पर हनुमान चालीसा का पाठ चल रहा है और लक्ष्य है कि पूरे देश में एक लाख स्थानों पर सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ हो।
उन्होंने कहा कि जहां-जहां यह कार्यक्रम होगा,वहां उसे हिंदुओं के कल्याण का केंद्र बनाया जाएगा।ऐसे केंद्रों के माध्यम से लोगों को रोग मुक्ति, डॉक्टर और अधिवक्ता से सहायता, हिंदू हेल्पलाइन के जरिए मदद, बच्चों की प्रतिभा को बढ़ाने, गरीबों को अनाज व रोजगार में सहयोग जैसे कार्य किए जाएंगे।तोगड़िया ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद की ओर से “हनुमान चालीसा केंद्र” के माध्यम से समाज के लोगों को सस्ती शिक्षा,रोजगार और सुरक्षा देने की दिशा में काम किया जाएगा।उन्होंने उत्तर बिहार को “बांग्लादेशियों से मुक्त करने” की भी बात कही। आयोजकों ने बताया कि मिथिला की परंपरा के अनुसार तोगड़िया का भव्य स्वागत किया गया।उन्हें पाग, चादर और मखाना की माला पहनाकर सम्मानित किया गया। मौनी बाबा ने कहा कि तोगड़िया के सम्मान में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है। उन्होंने बताया कि मंगलवार की रात तोगड़िया उनके छावनी परिसर में ही ठहरेंगे,जहां कार्यकर्ताओं के साथ बैठक भी होगी।
वरुण ठाकुर की रिपोर्ट