दरभंगा में एलिवेटेड सड़क निर्माण के दौरान दर्दनाक हादसा: कंक्रीट मिक्सर गाड़ी ने टेंपो चालक को रौंदा, मौत

सड़क दुर्घटना की मौत की घटना थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक ऐसी ही घटना दरभंगा जिले में हुई है जहां तेज रफ्तार गाड़ी की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई......

सड़क दुर्घटना में ऑटो चालक की मौत- फोटो : वरुण ठाकुर

Darbhanga : शहर में एलिवेटेड सड़क निर्माण कार्य के दौरान गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई। बेंता थाना के ठीक सामने स्थित पिलर नंबर 86 के समीप निर्माण कार्य में इस्तेमाल की जा रही मसाला गाड़ी (कंक्रीट मिक्सर) ने सड़क किनारे पैदल जा रहे एक टेंपो चालक को कुचल दिया। हादसे में व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों और पुलिस की सहायता से तुरंत दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।


मृतक की पहचान और दुर्घटना का घटनाक्रम 

मृतक की पहचान पासवान टोला निवासी श्याम पासवान के रूप में की गई है, जो पेशे से टेंपो चालक थे। जानकारी के अनुसार, घटना के समय श्याम पासवान अपना काम खत्म कर पैदल ही पासवान टोला स्थित अपने घर की ओर लौट रहे थे। इसी क्रम में पिलर संख्या 86 के पास निर्माण कार्य में लगी तेज रफ्तार मसाला गाड़ी की चपेट में आ गए। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में चीख-पुकार मच गई और रो-रोकर उनका बुरा हाल है।


निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी से आक्रोश 

हादसे के बाद घटना स्थल पर भारी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए और निर्माण एजेंसी व प्रशासन के खिलाफ अपना आक्रोश जताया। स्थानीय निवासियों का कहना है कि एलिवेटेड सड़क निर्माण के कारण शहर की मुख्य सड़कें काफी संकरी हो गई हैं। एक ही सड़क पर निर्माण में लगे भारी वाहनों के साथ-साथ आम ट्रैफिक का परिचालन हो रहा है, जिससे रोज लंबा जाम लगता है। लोगों ने आरोप लगाया कि निर्माण स्थलों पर बैरिकेडिंग, ट्रैफिक मार्शल और सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं होने से हादसों का खतरा लगातार बना रहता है।


पुलिस ने शुरू की जांच, वाहन और चालक की तलाश जारी 

घटना की सूचना पर बेंता थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। थाना पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में शामिल वाहन और उसके चालक के संबंध में विवरण जुटाया जा रहा है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और दोषी चालक के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


शहर की यातायात व्यवस्था और मुआवजे की मांग 

दरभंगा शहर में एलिवेटेड सड़क निर्माण के चलते लगातार हो रही दुर्घटनाओं को लेकर नागरिकों में गहरा असंतोष है। स्थानीय लोगों व परिजनों ने प्रशासन से मृतक श्याम पासवान के आश्रितों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। इसके साथ ही जिला प्रशासन और निर्माण कार्य करा रही एजेंसी से मांग की गई है कि व्यस्ततम चौराहों और निर्माण स्थलों पर तुरंत ट्रैफिक पुलिस व सुरक्षा गार्ड तैनात किए जाएं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दर्दनाक घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

वरुण की रिपोर्ट