VIP प्रमुख मुकेश सहनी पर भाजपा नेता को 'छह इंच छोटा' करने की धमकी का आरोप, संतोष यादव ने थाने मे दिया आवेदन
दरभंगा में मुकेश सहनी के बयान पर विवाद बढ़ गया है। मुकेश सहनी पर भाजपा नेता संतोष यादव को 'छह इंच छोटा' करने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगा है। इस बावत संतोष यादव थाने में आवेदन दिया है.....
Darbhanga : जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के प्रमुख और बिहार सरकार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी अपने एक विवादित बयान के चलते सुर्खियों में घिर गए हैं। उन पर भाजपा नेता संतोष यादव को 'छह इंच छोटा' करने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगा है। इस मामले को लेकर भाजपा नेता ने तिलकेश्वर थाना में लिखित आवेदन देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है, जबकि मुकेश सहनी के भाषण का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
कुशेश्वरस्थान पूर्वी प्रखंड में मंदिर निर्माण को लेकर उपजा है पूरा विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरा विवाद कुशेश्वरस्थान पूर्वी प्रखंड के महिषौत गांव में निषाद समाज के कुलदेवता बाबा अमर सिंह महाराज के मंदिर निर्माण को लेकर शुरू हुआ है। मुकेश सहनी का आरोप है कि भाजपा नेता संतोष यादव इस मंदिर के निर्माण कार्य में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। वहीं दूसरी ओर, संतोष यादव और उनके समर्थकों की मांग है कि सरकारी जमीन पर बनने वाले इस मंदिर को एक सार्वजनिक मंदिर के रूप में विकसित किया जाना चाहिए।
भाजपा जिलाध्यक्ष विनय पासवान ने किया पलटवार, कहा- यह जंगलराज नहीं है
इस पूरे मामले पर भारतीय जनता पार्टी के पूर्वी जिलाध्यक्ष विनय पासवान ने कड़ा रुख अपनाते हुए मुकेश सहनी के बयान पर तीखा पलटवार किया है। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि यह वर्तमान में सम्राट चौधरी की सरकार है, यहां किसी भी प्रकार की दबंगई या जंगलराज की भाषा नहीं चलेगी। उन्होंने सुझाव दिया कि दोनों पक्षों के लोग आपस में बैठकर इस मामले का शांतिपूर्ण समाधान निकाल सकते हैं, लेकिन ऐसे भड़काऊ बयानों से समाज में आपसी तनाव और वैमनस्य बढ़ सकता है।
पुलिस ने आवेदन मिलने की पुष्टि की, मामले की जांच में जुटी टीम
इधर, इस घटना के संबंध में तिलकेश्वर थानाध्यक्ष ने थाने में आवेदन मिलने की आधिकारिक पुष्टि की है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और दिए गए आवेदन के आधार पर पूरे मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद नियमानुसार उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वरुण ठाकुर की रिपोर्ट