यामाहा शोरूम मर्डर केस का खुलासा, मैनेजर की बेरहमी से हत्या करने वाला पूर्व कर्मी सोनू पासवान गिरफ्तार

दरभंगा पुलिस ने यामाहा शोरूम के मैनेजर मोहम्मद फैज़ अहमद की बाइक के शॉकर से पीट-पीटकर की गई निर्मम हत्या के मामले का महज कुछ ही घंटों में सनसनीखेज खुलासा कर दिया है....

यामाहा शोरूम मर्डर केस का खुलासा- फोटो : वरुण ठाकुर

Darbhanga : जिले के अशोक पेपर मिल (APM) थाना क्षेत्र से एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आई है। यामाहा मोटरसाइकिल एजेंसी (शोरूम) के मैनेजर मोहम्मद फैज़ अहमद की पीट-पीटकर की गई निर्मम हत्या के मामले का पुलिस ने महज कुछ ही घंटों के भीतर सफल खुलासा कर दिया है। शोरूम के अंदर लाइव मर्डर का खौफनाक सीसीटीवी (CCTV) फुटेज सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए दरभंगा पुलिस ने त्वरित एक्शन लिया और मुख्य आरोपी को धर दबोचा।


सदर एसडीपीओ राजीव कुमार का खुलासा: नौकरी से निकालने की रंजिश में ली जान

प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले का खुलासा करते हुए सदर एसडीपीओ (SDPO) राजीव कुमार ने बताया कि गिरफ्तार कातिल कोई और नहीं, बल्कि उसी यामाहा एजेंसी का पूर्व कर्मचारी सोनू पासवान है। जांच में यह बात सामने आई है कि कुछ समय पहले एजेंसी के मालिक ने मैनेजर मोहम्मद फैज़ अहमद की शिकायत और कहने पर सोनू पासवान को नौकरी से बर्खास्त कर दिया था। नौकरी से निकाले जाने के बाद से ही सोनू के मन में मैनेजर के प्रति गहरी रंजिश और गुस्सा था। इसके साथ ही दोनों के बीच कुछ पैसों के लेनदेन को लेकर भी पुराना विवाद चल रहा था।


प्लानिंग के तहत शोरूम पहुंचा था कातिल, बाइक के 'शॉकर' से ताबड़तोड़ किए वार

पुलिस अनुसंधान के अनुसार, आरोपी सोनू पासवान पूरी प्लानिंग के साथ घटना वाले दिन वारदात से करीब एक घंटे पहले ही यामाहा एजेंसी पहुंच गया था। वह शोरूम के अंदर ही सही मौके का इंतजार कर रहा था। जैसे ही मैनेजर फैज़ अहमद को उसने अकेला पाया, सोनू ने वहीं पड़े मोटरसाइकिल के भारी-भरकम 'शॉकर' (Shock Absorber) से उनके सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमला इतना आत्मघाती और जोरदार था कि मैनेजर फैज़ अहमद ने मौके पर ही तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी आसानी से फरार हो गया था।


देर रात छापेमारी में कत्ल का हथियार और स्कूटी बरामद, आरोपी ने कबूला जुर्म

सनसनीखेज हत्या के बाद दरभंगा पुलिस ने वैज्ञानिक अनुसंधान और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर देर रात आरोपी के संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू की। पुलिस टीम ने आरोपी सोनू पासवान को उसके घर के पास से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी, कत्ल का मुख्य हथियार (मोटरसाइकिल का शॉकर) और एजेंसी से गायब की गई कैंची को बरामद कर लिया है। पुलिस की गिरफ्त में आते ही आरोपी सोनू ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है।


आरोपी भेजा गया जेल, शोरूम्स और व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा पर उठे सवाल

दरभंगा पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद हत्यारोपी सोनू पासवान को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है और कोर्ट में सख्त सजा दिलाने के लिए स्पीडी ट्रायल की तैयारी की जा रही है। बहरहाल, दिनदहाड़े शोरूम के अंदर घुसकर मैनेजर की इस तरह की गई नृशंस हत्या ने जिले के व्यापारिक प्रतिष्ठानों की आंतरिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और शो-रूम संचालकों में गहरी चिंता देखी जा रही है।


वरुण ठाकुर की रिपोर्ट