गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर निकली भव्य शोभायात्रा, जिला परिषद ने पुष्पवर्षा कर किया स्वागत
गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के अवसर पर शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। जिला परिषद की ओर से शोभायात्रा पर पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया गया.....
Gayaji : जिले में जगतगुरु श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के अवसर पर स्थानीय गुरुद्वारा से सिख समुदाय की ओर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में पंच प्यारे सहित बड़ी संख्या में सिख समुदाय के श्रद्धालु शामिल हुए, जिनका जिला परिषद, गया की ओर से शानदार स्वागत और अभिनंदन किया गया। जिला परिषद कार्यालय के मुख्य द्वार पर शोभायात्रा पहुंचने पर पुष्पवर्षा की गई और श्रद्धालुओं के बीच कोल्ड ड्रिंक एवं पेयजल का वितरण किया गया।
अध्यक्ष नैना कुमारी, उपाध्यक्ष डॉ. शीतल प्रसाद यादव व सदस्यों ने किया स्वागत
इस अवसर पर जिला परिषद कार्यालय के मुख्य द्वार पर जिला परिषद अध्यक्ष नैना कुमारी, उपाध्यक्ष डॉ. शीतल प्रसाद यादव तथा विभिन्न प्रखंडों से आए जिला परिषद सदस्यों सुरेश प्रसाद यादव, मोहन यादव और संजय चौधरी सहित अन्य सदस्यों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। शोभायात्रा में शामिल गुरुदेव, पंच प्यारों और समस्त श्रद्धालुओं का जिला परिषद परिवार की ओर से आत्मीय अभिनंदन किया गया।
पवित्र रथ पर विराजमान गुरु नानक देव जी के चित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर लिया आशीर्वाद
कार्यक्रम के दौरान जिला परिषद अध्यक्ष नैना कुमारी और उपाध्यक्ष डॉ. शीतल प्रसाद यादव ने गुरुद्वारे के पवित्र रथ पर विराजमान गुरु नानक देव जी के चित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया। दोनों पदाधिकारियों ने शहरवासियों एवं जिला परिषद के सभी सदस्यों को गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।
नई परंपरा की शुरुआत, प्रेम, भाईचारे और सद्भाव का दिया संदेश
इस मौके पर जिला परिषद अध्यक्ष नैना कुमारी ने कहा कि शोभायात्रा के जिला परिषद कार्यालय पहुंचने पर जिला परिषद परिवार की ओर से एक नई परंपरा की शुरुआत करते हुए श्रद्धालुओं का स्वागत व अभिनंदन किया गया है। उन्होंने कहा कि सभी धर्मों और समुदायों के पर्व व त्योहार आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव का संदेश देते हैं।
श्रद्धा व सौहार्द के वातावरण में संपन्न हुआ स्वागत आयोजन
प्रकाश पर्व के अवसर पर निकली शोभायात्रा के स्वागत से स्थानीय स्तर पर सामाजिक सौहार्द और भाईचारे का सकारात्मक संदेश गया। श्रद्धालुओं के बीच पेयजल व शीतल पेय के वितरण और पुष्पवर्षा के साथ जिला परिषद का यह आयोजन श्रद्धापूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
मनोज की रिपोर्ट