Bihar Congress: ललन सिंह के बयान पर बिहार कांग्रेस का हमला, कहा- वोटर ID को योजनाओं से जोड़ना बड़ी साजिश

Bihar Congress: ललन सिंह के बयान पर बिहार कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। कांग्रेस नेताओं ने SIR, मतदाता सूची से नाम हटाने और सरकारी योजनाओं को वोटर ID से जोड़ने को लेकर चिंता जताई।

Bihar Congress:  केंद्रीय पंचायती राज मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह के एक बयान को लेकर बिहार कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि आम लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ आधार कार्ड के बजाय वोटर ID से देने की बात एक गहरी साजिश का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को गंभीरता से समझने की जरूरत है, क्योंकि इससे गरीब और जरूरतमंद लोगों के अधिकार प्रभावित हो सकते हैं।


कांग्रेस नेताओं ने SIR को लेकर उठाए सवाल


बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रतिनिधि विजय कुमार मिट्ठू, पूर्व विधायक मोहम्मद खान अली, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि शशि किशोर शिशु, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष बाबूलाल प्रसाद सिंह, राम प्रमोद सिंह, दामोदर गोस्वामी, धर्मेंद्र कुमार निराला, सुनील कुमार पासवान, अनिल यादव, सुजीत गुप्ता और मुन्ना मांझी समेत अन्य नेताओं ने इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया दी।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की ओर से SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) के नाम पर मतदाता सूची से करोड़ों लोगों के नाम हटाए जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि अगर इस प्रक्रिया पर रोक नहीं लगी तो आगे भी बड़ी संख्या में नाम हटाए जा सकते हैं।


चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर भी उठाए सवाल


कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची की जिम्मेदारी एक निष्पक्ष चुनाव आयोग के पास होनी चाहिए। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर बीजेपी के साथ मिलीभगत का आरोप लगाया। नेताओं ने दावा किया कि चुनाव में वोटों की चोरी से जुड़े मामले सामने आए हैं। हालांकि, कांग्रेस नेताओं की ओर से लगाए गए इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।


राशन, पेंशन और मनरेगा पर भी जताई चिंता


कांग्रेस नेताओं का कहना है कि अगर सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए वोटर ID को आधार बनाया गया तो आगे राशन, पेंशन, मनरेगा, आवास योजना, छात्रवृत्ति और आरक्षण जैसी सुविधाओं पर भी इसका असर पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि किसी गरीब की पेंशन या दूसरी सरकारी सुविधा उसके वोटर कार्ड पर निर्भर नहीं होनी चाहिए। वोट देना देश के हर नागरिक का अधिकार है, इसे सरकारी योजनाओं का लाभ पाने की शर्त नहीं बनाया जाना चाहिए।


कांग्रेस ने आंदोलन जारी रखने की बात कही


कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी आम लोगों के वोट और अधिकारों से जुड़े इस मुद्दे का विरोध करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि यह केवल चुनाव जीतने की राजनीति नहीं, बल्कि सत्ता में बने रहने की व्यवस्था तैयार करने की कोशिश है।

गया से रिपोर्ट मनोज कुमार