Bihar News : गयाजी में डैम में तैरता मिला सरकारी शिक्षक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

Bihar News : गयाजी के मोहनपुर प्रखंड अंतर्गत मोहनपुर डैम के पानी में उतराता हुआ एक व्यक्ति का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक सरकारी शिक्षक बताये जा रहे हैं.......पढ़िए आगे

सरकारी शिक्षक का मिला शव - फोटो : MANOJ

GAYAJI : जिले के मोहनपुर प्रखण्ड से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। मोहनपुर थाना क्षेत्र स्थित मोहनपुर डैम में पानी के ऊपर उतराता हुआ एक व्यक्ति का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सिरियामा गांव निवासी 55 वर्षीय सरकारी शिक्षक जमुना यादव के रूप में हुई है। जमुना यादव मध्य विद्यालय सीरियावा में शिक्षक के पद पर तैनात थे। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

रात में टहलने निकले थे शिक्षक, सुबह डैम में मिला शव

मिली जानकारी के अनुसार, शिक्षक जमुना यादव ने सोमवार की रात करीब 10 बजे घर पर परिजनों के साथ खाना खाया था। इसके बाद वे रोज की तरह खाना खाने के बाद बाहर टहलने के लिए निकले थे। लेकिन वे देर रात तक वापस घर नहीं लौटे। परिजनों ने रातभर उनकी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग ही नहीं मिला। मंगलवार दोपहर जब स्थानीय ग्रामीण मोहनपुर डैम की तरफ गए, तो उन्होंने पानी में एक शव को देखा। यह खबर आग की तरह पूरे इलाके में फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों से सूचना मिलने पर परिजन भी बदहवास हालत में डैम पहुंचे। पानी मे उपलाए हुए शव की शिनाख्त जमुना यादव के रूप में हुई।

परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

इस सनसनीखेज घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए आशंका जताई है कि शिक्षक की हत्या करने के बाद उनके शव को सुनियोजित तरीके से डैम के पानी में फेंका गया है। उनका कहना है कि जमुना यादव खुद डैम तक कैसे पहुंच सकते हैं और पानी में डूबने की यह घटना कैसे हुई, इसके पीछे कोई गहरी साजिश है।

पुलिस बोली- पोस्टमार्टम रिपोर्ट और  खुलेगा राज

घटना की सूचना मिलते ही मोहनपुर थानाध्यक्ष अजीत कुमार पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को डैम के पानी से बाहर निकलवाया और अपने कब्जे में लिया। थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि फिलहाल मौत के स्पष्ट कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने शव को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेजh एवं अस्पताल गया भेज दिया है।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस के अनुसार, मौत की सही वजह और स्थिति स्पष्ट करने के लिए वैज्ञानिक जांच का सहारा लिया जा रहा है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मौत के कारणों की पुष्टि के लिए 'डायटम टेस्ट' के लिए पानी का सैंपल सुरक्षित रखा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि यह हादसा है या फिर हत्या। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मनोज की रिपोर्ट