Gaya firecracker market: गया में पहली बार गांधी मैदान में लगेगा पटाखा बाजार, डीएम की मंजूरी के बाद तैयारी शुरू

Gaya firecracker market: गया के गांधी मैदान में पहली बार पटाखों की दर्जनों दुकानें लगेंगी। डीएम की अनुमति के बाद तैयारी शुरू हो गई है। यहां पार्किंग की व्यवस्था भी होगी, जिससे लोगों को जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।

Gaya firecracker market: इस बार गया के लोगों को पटाखे खरीदने के लिए शहर के जाम में परेशान नहीं होना पड़ेगा। बड़े शहरों की तर्ज पर पहली बार गया के गांधी मैदान में पटाखों की दुकानें लगाई जाएंगी। यहां दर्जनों थोक और खुदरा दुकानदार पटाखे बेच सकेंगे। इसके लिए पटाखा विक्रेता संघ की ओर से तैयारियां की जा रही हैं और गांधी मैदान में पंडाल लगाए जा रहे हैं।


गांधी मैदान में एक जगह मिलेंगी पटाखों की दुकानें


गया जिला पटाखा विक्रेता संघ की पहल पर गांधी मैदान में पटाखों की दुकानें लगाने की व्यवस्था की जा रही है। इससे लोगों को अलग-अलग दुकानों पर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। वे एक ही जगह पर कई दुकानों से पटाखे खरीद सकेंगे। गांधी मैदान में पार्किंग की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को अपने वाहन खड़े करने में परेशानी न हो।


पहले पटाखे खरीदने के दौरान लगता था जाम


दरअसल, गया के कोतवाली थाना क्षेत्र में पटाखों की कई थोक और खुदरा दुकानें हैं। इसके अलावा दुकानदार सड़क किनारे भी दुकानें लगाते थे। त्योहार के समय पटाखे खरीदने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचते थे, जिससे इलाके में जाम लग जाता था। भीड़ के कारण लोगों को खरीदारी करने में भी परेशानी होती थी। इसी समस्या को देखते हुए पटाखा विक्रेता संघ ने जिला प्रशासन से गांधी मैदान में दुकानें लगाने की अनुमति मांगी थी।


डीएम के आदेश के बाद शुरू हुई तैयारी


पटाखा विक्रेता संघ के आग्रह पर जिलाधिकारी ने गांधी मैदान में दुकानें लगाने का आदेश दिया है। इसके बाद दुकानदारों ने पंडाल लगाने और दूसरी व्यवस्थाएं करने का काम शुरू कर दिया है। प्रशासन की ओर से सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं। इस व्यवस्था से पटाखा खरीदने आने वाले लोगों को सुविधा मिलने और शहर के व्यस्त इलाकों में भीड़ व जाम कम होने की उम्मीद है।

गया से मनोज कुमार की रिपोर्ट