Gaya Railway Station: रेलवे स्टेशन पर ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत 4 महिलाएं गिरफ्तार, मंगलसूत्र और मोबाइल बरामद
Gaya Railway Station: गया रेलवे स्टेशन पर ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत चार महिलाएं गिरफ्तार की गईं। उनके पास से 8.30 ग्राम सोने का मंगलसूत्र और तीन मोबाइल फोन बरामद हुए।
Gaya Railway Station: गया रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के सामान की चोरी के आरोप में चार महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेल पुलिस (GRP) की संयुक्त टीम ने ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत यह कार्रवाई की। महिलाओं के पास से सोने का एक मंगलसूत्र और तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। बरामद सामान की कुल कीमत करीब एक लाख रुपये बताई गई है।
प्लेटफॉर्म नंबर एक से हुई गिरफ्तारी
जानकारी के अनुसार, गया रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक के दिल्ली छोर के पास चार महिलाएं संदिग्ध अवस्था में घूम रही थीं। संयुक्त टीम ने उन्हें रोककर तलाशी ली। इस दौरान उनके पास से 8.30 ग्राम वजन का सोने का मंगलसूत्र और तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन मिले। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में महिलाओं ने बरामद सामान रेल यात्रियों से चोरी करने की बात स्वीकार की है।
पटना की रहने वाली हैं चारों महिलाएं
गिरफ्तार महिलाओं की पहचान पटना जिले के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के मुसल्लमपुर हाट निवासी सायरा खातून, समीमा खातून, नजिया खातून और रजिया खातून के रूप में हुई है। इस मामले में जीआरपी थाना गया में कांड संख्या 277/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317(5) और 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों से अपील की है कि सफर के दौरान अपने सामान और कीमती वस्तुओं का ध्यान रखें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत रेलवे पुलिस या सुरक्षा बल को दें।
गया से मनोज की रिपोर्ट