Bihar school News: ब्लैकबोर्ड गायब, बंद दरवाजे पर पढ़ाई, स्कूल की बदहाली का वीडियो वायरल होते हीं मचा हड़कंप

Bihar school News: गया जिले के गुरुआ प्रखंड स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय चकजलपा की बदहाल शैक्षणिक व्यवस्था का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। ...

बंद दरवाजे पर पढ़ाई- फोटो : reporter

Bihar school News: गया जिले के गुरुआ प्रखंड स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय चकजलपा की बदहाल शैक्षणिक व्यवस्था का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। वायरल तस्वीर और वीडियो में शिक्षक बच्चों को ब्लैकबोर्ड की जगह विद्यालय के बंद दरवाजे पर लिखकर पढ़ाते नजर आ रहे हैं। स्कूल में पढ़ाई के लिए जरूरी बुनियादी सुविधा तक उपलब्ध नहीं होने का यह मामला व्यवस्था की पोल खोलता दिखाई दे रहा है।

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक विद्यालय में बेंच की सुविधा को लेकर भी परेशानी बनी हुई है। वहीं, मध्याह्न भोजन की व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। हालांकि इन तमाम आरोपों और दावों की वास्तविक हकीकत विभागीय जांच के बाद ही पूरी तरह सामने आ सकेगी।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिस विद्यालय में बच्चों को पढ़ाने के लिए ब्लैकबोर्ड जैसी मामूली लेकिन बेहद जरूरी सुविधा तक मयस्सर नहीं है, वहां गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का दावा किस आधार पर किया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि शिक्षा विभाग के अधिकारी नियमित तौर पर स्कूल का निरीक्षण करते, तो ऐसी खामियां पहले ही पकड़ में आ जातीं और उनका समाधान कराया जा सकता था।

मामले को लेकर प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी जयशंकर सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने इसे गंभीर मामला बताते हुए कहा कि किन परिस्थितियों में शिक्षक को बंद दरवाजे पर लिखकर बच्चों को पढ़ाना पड़ा, इसकी छानबीन की जा रही है। जांच में यदि किसी की लापरवाही या दोष सामने आता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट- मनोज कुमार