Bihar News : गयाजी में दबंगों ने महिला पर लगाया डायन होने का आरोप, विरोध करने पर लाठी डंडे से की पिटाई, पुलिस ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार

Bihar News : गयाजी में एक महिला को डायन बताकर प्रताड़ित करने और विरोध करने पर उसके परिवार के साथ मारपीट करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है......पढ़िए आगे

महिला पर डायन होने का आरोप - फोटो : MANOJ

GAYAJI : बिहार के गया जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां एक महिला को डायन बताकर प्रताड़ित करने और विरोध करने पर परिवार के साथ मारपीट करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गया पुलिस के अनुसार, 26 नवंबर 2026 को पीड़ित पक्ष ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि बालदेव यादव अपने सहयोगियों के साथ मिलकर उनकी पत्नी पर डायन होने का आरोप लगाने लगा और गाली-गलौज की।

शिकायत के मुताबिक, जब पीड़ित परिवार ने इस हरकत का विरोध किया तो आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से लाठी-डंडे से हमला कर परिवार के लोगों के साथ मारपीट की, जिससे वे बुरी तरह घायल हो गए। इस गंभीर घटना के बाद बाराचट्टी थाना में कांड संख्या 439/26 दर्ज कर पुलिस ने मामले का अनुसंधान शुरू किया।

वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए बाराचट्टी थाने की पुलिस ने इस कांड के प्राथमिकी अभियुक्त को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बालदेव यादव, पिता परमेश्वर यादव, निवासी जयगीर गांव, थाना बाराचट्टी, जिला गया के रूप में की गई है।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ करने के साथ पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

मनोज की रिपोर्ट