Bihar News : गया में मंत्री प्रेम कुमार करेंगे विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम का शुभारंभ, 1000 पौधे का होगा रोपण
Bihar News : बिहार सरकार के मंत्री प्रेम कुमार गया में विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे. जिसके तहत करीब एक हजार पौधों का रोपण किया जायेगा......पढ़िए आगे
GAYA : पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग बिहार सरकार के अन्तर्गत गया वन प्रमण्डल, गया में सेवा पर्व (17 सितम्बर से 02 अक्टुबर 2025) के अवसर पर राज्य व्यापी "एक पेड़ मॉ के नाम" अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके तहत वृक्षारोपण एवं स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। इस अभियान के अन्तर्गत गया जिला के ब्रह्म वन पार्क में दिनांक 17 सितम्बर 2025 को सेवा पर्व के दौरान विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का शुभारंभ मंत्री डॉ. प्रेम कुमार (सहकारिता विभाग), बिहार सरकार के कर कमलों द्वारा किया जाएगा।
इस अभियान के अंतर्गत 17 सितम्बर को 1,000 पौधों का वृक्षारोपण किया जाएगा तथा 02 अक्टूबर 2025 तक कुल 10,200 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस दौरान प्रत्येक नागरिक को अपनी माँ के नाम पर एक पौधा लगाने का संकल्प दिलाया जाएगा। वृक्षारोपण में विशेष रूप से स्थानीय एवं देशज प्रजातियों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने और जैव विविधता को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।
सेवा पर्व कार्यक्रम में विद्यालय एवं महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई है। छात्रों द्वारा पौधारोपण कर उन्हें पर्यावरण संरक्षण, हरित क्रांति और सतत् विकास के प्रति जागरूक किया जाएगा। साथ ही आमजन को भी अधिक से अधिक संख्या में जोड़ने के लिए जागरूकता अभियान एवं जन-संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
वन विभाग द्वारा इस अवसर पर 'स्वच्छ उत्सव" भी मनाया जाएगा। इसके अंतर्गत प्लास्टिक के विरुद्ध जागरूकता, कचरा कम करने, अपशिष्ट प्रबंधन, जल संरक्षण, जल स्रोतों की रक्षा एवं स्वच्छता जैसे विषयों पर विशेष बल दिया जाएगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य प्रत्येक वर्ग के बीच सेवा भाव, पर्यावरण संरक्षण और जन-जागरूकता का संदेश प्रसारित करना है।
गया से मनोज की रिपोर्ट