अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ पुलिस का बड़ा शिकंजा, अलग-अलग थाना क्षेत्रों से 6 अभियुक्त गिरफ्तार

अवैध शराब के कारोबार और तस्करी पर पूरी तरह लगाम लगाने के लिए गया पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है.....

अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई- फोटो : मनोज कुमार

Gayaji : जिले में अवैध शराब के कारोबार और तस्करी पर पूरी तरह लगाम लगाने के लिए गया पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) गया के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष छापेमारी अभियान के तहत पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में ताबड़तोड़ दबिश देकर कुल 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के इस बड़े एक्शन से शराब तस्करों और अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।


भारी मात्रा में देसी और विदेशी शराब के साथ वाहन जब्त

पुलिस द्वारा दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, इस विशेष अभियान के दौरान कुल 2 लीटर देसी महुआ शराब और 24.015 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई है। इसके अलावा तस्करों द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे वाहनों और उपकरणों पर भी कार्रवाई करते हुए एक मोटरसाइकिल, एक कार और एक मोबाइल फोन को जब्त किया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध संबंधित थानों में बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद संशोधित अधिनियम 2022 की धारा 30(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है।


चंदौती और बुनियादगंज थाना क्षेत्र में की गई छापेमारी, वाहन और शराब बरामद

कार्रवाई के सिलसिले में पहली बड़ी सफलता चंदौती थाना क्षेत्र में मिली, जहाँ पुलिस ने छापेमारी कर 2 लीटर देसी महुआ शराब के साथ एक महिला अभियुक्त को गिरफ्तार किया। वहीं, बुनियादगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 0.375 लीटर विदेशी शराब और एक संदिग्ध मोटरसाइकिल के साथ दो अभियुक्तों को दबोचने में सफलता हासिल की।


अतरी और गुरुआ थाना क्षेत्रों में भी धरे गए आरोपी, उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई

इसी क्रम में अतरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने विशेष छापेमारी अभियान चलाकर 23.640 लीटर विदेशी शराब, परिवहन में प्रयुक्त एक कार और एक मोबाइल फोन के साथ दो अन्य अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा गुरुआ थाना क्षेत्र में भी पुलिस ने शराबबंदी कानून के उल्लंघन मामले में एक वांछित अभियुक्त को धर दबोचा। सभी गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।


अवैध कारोबार के खिलाफ आगे भी जारी रहेगा अभियान: गया पुलिस

गया जिला पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले के किसी भी हिस्से में अवैध शराब के निर्माण, अवैध बिक्री, भंडारण और उसके परिवहन को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। तस्करों के खिलाफ इस तरह का विशेष छापेमारी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और पूर्ण शराबबंदी को सख्ती से लागू किया जा सके।


मनोज की रिपोर्ट