Bihar News : गयाजी में कार और पिकअप पर लोड शराब की बड़ी खेप पुलिस ने किया बरामद, दो तस्करों को किया गिरफ्तार

Bihar News : गया जिले में अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस और उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम को एक बहुत बड़ी सफलता हाथ लगी है।

शराब की बड़ी खेप बरामद - फोटो : MANOJ

GAYAJI : गया जिले में अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस और उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम को एक बहुत बड़ी सफलता हाथ लगी है। डोभी थाना क्षेत्र के अंतर्गत स्थित समेकित जांच चौकी (इंटीग्रेटेड चेकपोस्ट) पर वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक बलेनो कार और एक विशेष तहखाना बने पिकअप वाहन से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब जब्त की है। इस ताबड़तोड़ कार्रवाई में पुलिस ने कुल 510 लीटर अवैध शराब (लगभग 792 बोतलें) बरामद की है।

प्राप्त विवरण के अनुसार, पुलिस ने जब संदिग्ध वाहनों की तलाशी ली तो बलेनो कार (संख्या JH-02BJ-4957) से 168 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। इसके अलावा, एक अन्य पिकअप वाहन (संख्या BR-01GR-5405) की गहन जांच करने पर उसके डाले में बड़ी ही चालाकी से बनाए गए एक गुप्त तहखाने का खुलासा हुआ, जिसके अंदर से 342 लीटर अवैध विदेशी शराब और बरामद की गई। इस प्रकार दोनों वाहनों से कुल 510 लीटर शराब जब्त की गई।

इस सफल कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से दो शातिर तस्करों को भी धर दबोचा। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र के रहने वाले 28 वर्षीय राजीव कुमार और बिंद थाना क्षेत्र के रहने वाले 22 वर्षीय आकाश कुमार के रूप में हुई है।

पुलिस ने शराब के साथ-साथ तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे दोनों वाहनों को भी अपने कब्जे में लेकर जब्त कर लिया है। फिलहाल, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी अनुसंधान प्रक्रिया जारी है। जांच पूरी होने के बाद न्यायालय में आरोप पत्र (चार्शीट) समर्पित किया जाएगा। गया पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र के शराब तस्करों और अवैध कारोबारियों के बीच भारी हड़कंप मच गया है।

मनोज की रिपोर्ट