Bihar Crime : लखीसराय में एसएसबी और पुलिस ने चलाया सघन तलाशी अभियान, भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद किया बरामद

Bihar Crime : लखीसराय जिले के बन्नुबगीचा थाना क्षेत्र में 29वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी)गयाजी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने सघन तलाशी अभियान चलाकर हथियारों एवं गोला-बारूद का जखीरा बरामद किया है।

हथियारों का जखीरा बरामद - फोटो : SOCIAL MEDIA

GAYAJI : लखीसराय जिले के बन्नुबगीचा थाना क्षेत्र में 29वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) गयाजी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने एक बड़ा अभियान चलाया। 29वीं वाहिनी के कमांडेंट कुणाल के मार्गदर्शन और उप कमांडेंट अबनीश यादव के नेतृत्व में न्यू बरमसिया, पंचभुर, सिमरातरी, मोर्वे डेम और श्रृंगी ऋषि पहाड़ी क्षेत्रों में यह सघन तलाशी अभियान चलाया गया।

जंगली क्षेत्र से हथियारों और कारतूसों का जखीरा बरामद

अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने मोर्वे डेम से दक्षिण-पूर्व दिशा में देहनी टोला टिकहाव पहाड़ी के जंगली क्षेत्र में छिपाकर रखे गए हथियारों और गोला-बारूद के जखीरे को ढूंढ निकाला। दुर्गम पहाड़ी व जंगली इलाके में की गई इस छानबीन से नक्सलियों या अपराधियों के किसी बड़े मंसूबे का पर्दाफाश हुआ है।

बरामद सामग्रियों की विस्तृत सूची

इस संयुक्त कार्रवाई में भारी मात्रा में आधुनिक हथियार, मैगजीन और कारतूस बरामद हुए हैं, जिनमें प्रमुख रूप से एसबीबीएल (12 बोर) राइफल – 01, 9 एमएम एसएमजी कार्बाइन (मैगजीन, स्लिंग सहित) – 01, विभिन्न बोर के कुल जिंदा कारतूस (9 एमएम, 5.56 एमएम, 7.62 एमएम, .303 आदि) – 48 शामिल हैं। इसके अलावा 12 ईएफसी, 1 दूरबीन, 2 राउंड चार्जर और 1 मोबाइल वायर्ड ईयरफोन बरामद किये गए हैं।

बन्नुबगीचा थाना को सुपुर्द की गईं सामग्रियां

सुरक्षा बलों द्वारा बरामद किए गए सभी अवैध हथियार, गोला-बारूद और अन्य उपकरणों को विधिवत रूप से जब्त कर अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए लखीसराय जिले के बन्नुबगीचा थाना की पुलिस को सौंप दिया गया है। पुलिस इस मामले में आगे की तकनीकी और आपराधिक अनुसंधान में जुट गई है। एसएसबी और जिला पुलिस की इस संयुक्त और प्रभावी कार्रवाई को क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने तथा किसी भी संभावित आपराधिक या असामाजिक गतिविधि पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।