गयाजी में करोड़ों की शहरी विकास योजनाओं को मिली गति, विस अध्यक्ष ने विभिन्न वार्डों में सड़क एवं नाला निर्माण का किया उद्घाटन व शिलान्यास

विस अध्यक्ष ने विभिन्न वार्डों में सड़क एवं नाला निर्माण का किया उद्घाटन व शिलान्यास- फोटो : मनोज कुमार

Gayaji : बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने मंगलवार को 'मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना 2025-26' के अंतर्गत गयाजी नगर क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में सड़क एवं नाला निर्माण से संबंधित कई महत्वाकांक्षी विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इन योजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र के स्थानीय निवासियों को सुगम आवागमन के साथ-साथ जल निकासी की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।


विभिन्न वार्डों में योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास:

वार्ड संख्या 34 (गेवाल बिगहा महादलित टोला)में डॉ. प्रेम कुमार ने 24 लाख 28 हजार 115 रुपये की लागत से निर्मित होने वाले पहुंच पथ का उद्घाटन किया, जिससे स्थानीय निवासियों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी। वार्ड संख्या 46 (अशोक बिहार कॉलोनी) में 16 लाख 26 हजार 664 रुपये की लागत से बने नाला निर्माण कार्य का उद्घाटन किया गया, जिससे बरसात के दिनों में जलजमाव की समस्या से मुक्ति मिलेगी। वार्ड संख्या 45 (दण्डीबाग) में  89 लाख 47 हजार 686 रुपये की लागत से आरसीसी नाला (RCC Drain) निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। वहीं वार्ड संख्या 45 (मयूर बिहार कॉलोनी, रोड न.-05) में  8 लाख 14 हजार 595 रुपये की लागत से बनने वाले पीसीसी पथ (PCC Road) एवं नाली निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया।


गुणवत्ता और पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नागरिकों एवं अधिकारियों को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि गयाजी शहर को स्वच्छ, सुंदर, सुगम और आधुनिक बनाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को सख्त निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का निर्माण निर्धारित समय-सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।


उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ कोई समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। गयाजी के सभी वार्डों में चरणबद्ध तरीके से बुनियादी सुविधाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है।


कार्यक्रम में गणमान्य लोगों की उपस्थिति

इस अवसर पर प्रेम सागर, राजनंदन गांधी, अभियंता रामलगन प्रसाद, हरि यादव, अजय सिन्हा, शिवा मांझी, मोहन राय, ऋषभ राज, संतोष कुमार, करुणा निधि, मुकेश चंद्रवंशी, वेद प्रकाश और गौतम सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि व प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।


मनोज कुमार की रिपोर्ट