बोधगया के कालचक्र मैदान के पास खुलेआम शराब बिक्री का वीडियो वायरल : वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नही, जांच में जुटी पुलिस
बोधगया के सुप्रसिद्ध कालचक्र मैदान के समीप दिन के उजाले में खुलेआम देशी शराब की बिक्री किए जाने का दावा करता हुआ एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो के सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर हड़कंप मच गया है....
Gayaji : बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के बावजूद अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल बोधगया से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। बोधगया के सुप्रसिद्ध कालचक्र मैदान के समीप दिन के उजाले में खुलेआम देशी शराब की बिक्री किए जाने का दावा करता हुआ एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो के सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर हड़कंप मच गया है, वहीं सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं।
वायरल हो रहे वीडियो में दिख रही गतिविधियां और स्थान बोधगया के कालचक्र मैदान के आसपास का बताया जा रहा है। विश्व प्रसिद्ध बौद्ध स्थल होने के कारण बोधगया में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक आते हैं। ऐसे अत्यंत संवेदनशील और अंतरराष्ट्रीय महत्व वाले स्थान पर कथित रूप से शराब की खुलेआम बिक्री का वीडियो सामने आने के बाद हड़कंप मच गया हैं।
वीडियो की प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से नहीं हुई आधिकारिक पुष्टि
हालांकि, इस वायरल वीडियो की सत्यता, उसमें दिखाई दे रहे सटीक स्थान तथा बेची जा रही सामग्री के देशी शराब होने की स्वतंत्र रूप से आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है। स्थानीय निवासियों और बुद्धिजीवियों का कहना है कि चुकी यह मामला एक अंतरराष्ट्रीय पहचान वाले पर्यटन केंद्र से जुड़ा है, इसलिए इस पूरे घटनाक्रम की बिना किसी पक्षपात के सूक्ष्मता से जांच होना अत्यंत आवश्यक है, ताकि वास्तविक स्थिति जनता के सामने आ सके।
दोषियों या अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि पुलिस और प्रशासनिक जांच में वीडियो में किए जा रहे दावे सत्य पाए जाते हैं, तो यह एक गंभीर प्रशासनिक चूक है। ऐसी स्थिति में अवैध शराब के कारोबार में लिप्त असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
वहीं, यदि जांच के दौरान यह वीडियो फर्जी या भ्रामक पाया जाता है, तो सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वाले लोगों के विरुद्ध भी सख्त कदम उठाए जाने चाहिए।
मनोज की रिपोर्ट