Bihar Crime News : अफीम की खेती देखने गए युवक की बदमाशों ने की गोली मारकर हत्या, इलाके में मचा हड़कंप
Bihar Crime News : गया में अपराधी बेख़ौफ़ होकर आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं. इसी कड़ी में अपराधियों ने अफीम की खेती देखने गए युवक की गोली मारकर हत्या कर दी. पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है....पढ़िए आगे

GAYA : जिले के रौशनगंज थाना क्षेत्र के अम्बाखार गांव स्थित जंगल में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी सोमवार सुबह उस समय हुई, जब ग्रामीण महुआ चुनने जंगल गए थे। शव को देखकर ग्रामीणों ने तुरंत रौशनगंज थाना को सूचित किया। सूचना मिलते ही रौशनगंज थाना अध्यक्ष अन्नू राजा मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु मगध मेडिकल कॉलेज भेज दिया।
इसके बाद घटना की जानकारी वरीय अधिकारियों को भी दी गई, जिसके बाद शेरघाटी एएसपी शैलेन्द्र सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। साथ ही पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुट गयी है। हत्या किस वजह से और किसने की है। इसकी जांच की जा रही है।
एएसपी शैलेंद्र सिंह ने दोपहर 12 बजे बताया कि घटनास्थल से एक बुलेट, एक छोटी बोतल और एक गमछा बरामद किया गया है। मृतक की पहचान इमामगंज थाना क्षेत्र के रानीगंज निवासी केदार साव के 25 वर्षीय पुत्र दीपक कुमार के रूप में की गई है। परिजनों के अनुसार, दीपक अपने चार दोस्तों के साथ जंगल में अफीम की खेती देखने गया था, तभी उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है और घटना के कारणों की तहकीकात की जा रही है।
गया से मनोज की रिपोर्ट